स्मार्ट स्टॉक निवेश: सीए सदस्यों ने सीखे शेयर बाजार के तकनीकी और फंडामेंटल गुर
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की भीलवाड़ा शाखा और वित्तीय बाजार व निवेशकों की जागरुकता समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पटेल नगर स्थित आईसीएआई भवन में स्मार्ट स्टॉक निवेश पर एक दिवसीय सीपीई सेमिनार का आयोजन किया गया।
शाखा अध्यक्ष दिनेश सुथार ने बताया कि इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य सीए सदस्यों को शेयर बाजार निवेश के आधुनिक दृष्टिकोण फंडामेंटल से लेकर टेक्निकल एनालिसिस तक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना था।
सेमिनार के प्रथम सत्र में जयपुर से आए सीए अमित कुमार जैन ने निवेशक की तरह सोचें, सीए की तरह विश्लेषण करें विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने फंडामेंटल एनालिसिस का फ्रेमवर्क प्रस्तुत करते हुए निवेश में वित्तीय समझ के महत्व पर जोर दिया। इस सत्र की अध्यक्षता सीए रवि नरेडी ने की। वडोदरा के विशेषज्ञ धर्मित जैन ने स्टॉक के तकनीकी विश्लेषण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चार्ट पैटर्न, ट्रेंड एनालिसिस और मार्केट मूवमेंट की बारीकियों को सरल शब्दों में समझाया। इस सत्र की अध्यक्षता सीए निर्मल खजांची ने की। कार्यक्रम में सीआईआरसी सचिव निर्भीक गांधी ने शिरकत की और सदस्यों को निरंतर अपडेट रहने के लिए प्रेरित किया। शाखा सचिव सीए पुलकित राठी ने बताया कि कार्यक्रम में अरुण काबरा, बीबी. गुप्ता, नरेश माहेश्वरी, रामेश्वर लाल बिरला, नुपुर कोगटा, पूर्णिमा बल्दवा सहित वित्तीय पेशेवरों ने भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने शेयर बाजार के वर्तमान परिदृश्य में इस सेमिनार को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।