
सांगानेरी गेट ईदगाह में गूंजी अमन-चैन की दुआ, गले मिल कहा ईद मुबारक
ईद-उल-फितर शनिवार को शहर में धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह सांगानेरी गेट स्थित ईदगाह में मुख्य नमाज के साथ ही पूरा शहर 'ईद मुबारक' की सदाओं से गूंज उठा। लोगों ने सारे गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और मुबारकबाद दी।
शनिवार सुबह से ही नए लिबास में सजे अकीदतमंदों का ईदगाह पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शहर के सांगानेर रोड स्थित ईदगाह सहित अन्य मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद शहर काजी मुफ्ती अशरफ जिलानी अजहरी ने दुआ करवाई। इस दौरान हजारों हाथों ने एक साथ उठकर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी।
नमाज के बाद बाहर निकलते ही अन्य धर्मों और समाज के लोगों ने मुस्लिम भाइयों का इस्तकबाल किया। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष जीपी खटीक, धर्मेद्र पारीक, ओम नराणीवाल समेत कई नागरिकों ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
घरों में चला दावतों का दौर
लोगों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर खास तौर पर बनी खीर और मीठी सेवइयों का लुत्फ उठाया। दिन भर मेहमानों के आने-जाने और खुशियां बांटने का सिलसिला जारी रहा। इससे पूर्व सुबह काजी-ए-शहर की सवारी मस्जिद नीलगरान (मोहल्ला बाहला) से रवाना होकर ईदगाह पहुंची। जहां नमाज के बाद पुन: सवारी नीलगरान मस्जिद पहुंची।
पुर. उपनगर पुर में शनिवार को ईद का त्योहार अकीदत, हर्षोल्लास व आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे खेल मोहल्ला स्थित अंजुमन स्कूल से मुस्लिम समाज के लोग नए परिधानों में जुलूस के रूप में रवाना होकर ईदगाह पहुंचे। सुबह 9 बजे ईदगाह में सामूहिक नमाज़ अदा की गई। इसमें इमाम की अगुवाई में मुल्क की तरक्की, अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज़ के बाद अंजुमन सेवा समिति के सदर रमज़ान मोहम्मद शोरगर ने सभी को ईद की दिली मुबारकबाद देते हुए समाज में आपसी एकता व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
Published on:
21 Mar 2026 08:50 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
