भीलवाड़ा

शहर में रोक व चेतावनी के बावजूद नहीं रूक रहे निर्माण, मनमर्जी का खेल खेल रहे यूआईटी के ठेकेदार

बजरी पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद नगर विकास न्यास के ठेकेदार मनमर्जी का खेल खेल रहे है
2 min read
stop and warnings,construction not stop in bhilwara
stop and warnings,construction not stop in bhilwara

भीलवाड़ा।

बजरी पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद नगर विकास न्यास के ठेकेदार मनमर्जी का खेल खेल रहे है, हालात ये है कि न्यास की तरफ से लगातार दो दिन से निर्माण कार्यों पर रोक की कार्रवाई के बावजूद ठेकेदार सबक नहीं ले रहे है। बुधवार को भी इसी तरह का निर्माण कार्य जारी पाए जाने पर यूआईटी सचिव ने कड़ा रुख अपनाया।


नदी क्षेत्र से बजरी के दोहन पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के कारण न्यास ने भी विभिन्न निर्माण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के कार्य कराने पर रोक लगा रखी है। न्यास सचिव आशीष शर्मा के कड़ाई से पालना सुनिश्चित कराने के आदेश के बावजूद कई ठेकेदार अभियंताओं के साथ मिल कर निर्माण कार्य करवा रहे है। सोमवार को रमा विहार तथा मंगलवार को मेरी बेटी मेरा गौरव उद्यान के समीप सीसीरोड का निर्माण कार्य होता पाया गया। यहां सचिव ने मौके पर पहुंच काम रुकवाया और ठेकेदारों व अभियंताओं को नोटिस थमाए।


इसके बावजूद बुधवार को चित्तौडगढ़ रोड स्थित ओवरब्रिज के निकट सर्विस रोड पर मिनी पुलिया का निर्माण होता पाया गया। यहां बजरी के ढेर लगे होने की शिकायत पर शर्मा ने तुरन्त काम रूकवा दिया। उन्होंने सम्बंधित अभियंता को तलब किया और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।
हालांकि अभियंता का कहना है कि बजरी का स्टॉक पुराना है और इसकी पूरी रॉयल्टी कटी हुई है। वहीं न्यास सचिव शर्मा का कहना है कि रोक के बावजूद किसी प्रकार का निर्माण कार्य करवाना अनुचित है। इस संदर्भ में अभियंता को नोटिस थमाया गया है।


पटवार घर पर बने भवन के लिए बना रहे थे अलग दीवार, प्रशासन ने तुड़वाई
भीलवाड़ा शहर के सांगानेरी गेट स्थित पटवार घर के बाहर नाले की दीवार का काम चल रहा है। बुधवार को ठेकेदार ने क्षेत्र के पार्षद शहजाद रंगरेज के कहने पर पटवार घर के पास दीवार बनाकर पुलिस चौकी से सीधा रास्ता देने का काम शुरू कर दिया। इस पर पटवारी अशोक कुमार सोनी, राकेश कोली, गिरदावर जमनालाल रैगर ने विरोध किया। उन्होंने मौके पर नायब तहसीलदार गोपालकृष्ण त्रिपाठी को बुलवा दिया। उन्होंने बताया कि यह संपत्ति राजस्व विभाग की है। एेसे में पुलिस चौकी का रास्ता नहीं दिया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पटवार घर पर राजस्व विभाग का भवन है। कई बार कानून व्यवस्था बिगडऩे पर यहां बैठक होती है। अब पास में ही पुलिस चौकी होने से फिलहाल उसमें पुलिसकर्मी विश्राम करते हैं। अब कुछ लोग सीधा रास्ता देकर ऊपर वाले भवन को अपने कब्जे में लेना चाहते हैं जो गलत है। इस कारण उन्होंने इस दीवार को तुड़वा दिया। मौके पर नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता भी पहुंचे और काम वापस चालू करा दिया। राजस्व विभाग ने इस भवन पर अब ताला लगा दिया है।

Updated on:
12 Jul 2018 04:17 pm
Published on:
12 Jul 2018 04:17 pm