
भीलवाड़ा।
गर्मी का दौर झेल रहे आमजन को रविवार शाम को राहत मिली। मौसम अचानक पलटा और तेज आंधी के साथ बंदाबांदी शुरू हुई। जिले में कई जगहों पर बारिश व ओले गिरे। गांवों में कई जगहों पर आंधी में टीन टप्पर उड़ गए।
शहर सहित जिलेभर में मौसम ने पलटी मारी। बरूंदनी,मांडलढ, शाहपुरा, सवाईपुर, बड़लिया, गेंदलिया सहित कई जगहों पर अंधड के बाद बूंदाबांदी हुई। जिले के मानपुरा क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे व हल्की बूंदाबांदी हुई। काछोला क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव-ढाणियों में अचानक मौसम बदला और कई जगह तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई। काछोला, मानपुरा, धामनिया, महुआ, जगपुरा, सरथला, राजगढ़ आदि गांव में सांझ ढलने के साथ ही तेज हवाएं चलने लगी। तूफानी हवाओं ने शाम को आम जनजीवन को झकझोर कर रख दिया। कई पेड़ धराशाही हो गए और टीन टप्पर उड़ गए। तूफान के चलते बिजली भी गुल हो गई। थलकलां, थलखुर्द, हरजसपुरा, रूपपुरा, काछोला, महुआ, मानपुरा आदि गांव में बारिश हुई है, जिससे किसानों की गेहूं की कटी हुई फसल खराब होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीर आ गई है।