Suspended at SP station, station in-charge DJ, suspended पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने शनिवार रात बडलियास व मंगरोप पुलिस थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान बडलियास थाना प्रभारी सुरजीत अपनी ही जन्म दिन की पार्टी में व्यस्त होने से गैर हाजिर मिले, इस पर शर्मा ने उनकी गैर हाजिरी लगा दी। डीजे पर डांस पार्टी का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने रविवार रात थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।
भीलवाड़ा। बजरी माफियाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की सख्ती की परख के लिए पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने शनिवार रात बडलियास व मंगरोप पुलिस थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान बडलियास थाना प्रभारी सुरजीत अपनी ही जन्म दिन की पार्टी में व्यस्त होने से गैर हाजिर मिले, इस पर शर्मा ने उनकी गैर हाजिरी लगा दी। डीजे पर डांस पार्टी का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने रविवार रात थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।
जिले में बजरी माफियाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को और सख्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक शर्मा रात्रि में जिले की गश्त पर है। शनिवार रात वह बडलियास थाना पहुंचे। यहां उन्हें थाना प्रभारी सुरजीत गैर हाजिर मिले, बिना सूचना दिए थाने से गैर हाजिर होने पर शर्मा ने उनकी अनुपस्थिति दर्ज की। इसी प्रकार थाना क्षेत्र में उन्हें दो व्यक्ति संदिग्ध मिलें, आरोपित सिंगपुरा निवासी राकेश पुत्र मदनलाल शर्मा व गेंदलिया निवासी रामलाल पुत्र छोटूलाल गुर्जर के अवैध बजरी कारोबार से जुड़े होने की संभावना के चलते उनकी शांति भंग के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तारी की। आरोपित राकेश की कार भी जब्त की गई। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक ने बडलियास व मंगरोप थाना क्षेत्र के बीच बजरी से भरे वाहन भी जप्त किए। इधर, बडलियास थाना क्षेत्र में कुछ चेक पोस्ट पर पुलिस जाप्ता भी मुुस्तैद दिखा, वह पुलिस अधीक्षक शर्मा को अन्य कार में होने से पहचान नहीं सके और उनकी कार भी रूकवा दी
वीडियो की जांच डिप्टी को
बडलियास थाना प्रभारी की शनिवार को हुई बर्थ डे पार्टी के वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए। आरोप है कि इसमें थाना प्रभारी के साथ डांस कर रहे कुछ लोगों को सम्पर्क बजरी माफियाओं से हो सकता है। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी। इसके लिए जांच डिप्टी राहुल जोशी को दी है। फिलहाल थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। इधर, थाना प्रभारी सुरजीत का कहना है कि जन्म दिन की पार्टी में करीबी मित्र थे, बजरी माफिया से जुड़ा कोई व्यक्ति नहीं था।
तीन कांस्टेबल लाइन हाजिर
जिला पुलिस अधीक्षक शर्मा ने आदेश जारी कर बडलियास थाना प्रभारी सुरजीत को थाने से गैर हाजिर रहने और अनजान लोगों के साथ थाना परिसर में बर्थ डे पार्टी में नाचने के मामले में निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि समूचे मामले की विभागीय जांच की जा रही है। इसी प्रकार राजकाज के प्रति लापरवाही बरतने पर उन्होंने मांडलगढ़ थाने से कांस्टेबल मेघाराम, कस्बा चौकी बीगोद से कांस्टेबल सुरेश कुमार व थाना बड़लियास के कांस्टेबल संजय को लाइन हाजिर कर दिया।