राजमार्ग स्थित कारोई कस्बे के प्रसिद्ध सांवरिया हनुमान मंदिर के छठे पाटोत्सव का रविवार सुबह चार दिवसीय मेले के साथ आगाज हुआ। यह पूरे राजस्थान का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां लेटे हुए हनुमानजी की विशाल प्रतिमा स्थापित है, जो श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का प्रमुख केंद्र है। मेले का शुभारंभ मंदिर के महंत बाबूगिरी […]
राजमार्ग स्थित कारोई कस्बे के प्रसिद्ध सांवरिया हनुमान मंदिर के छठे पाटोत्सव का रविवार सुबह चार दिवसीय मेले के साथ आगाज हुआ। यह पूरे राजस्थान का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां लेटे हुए हनुमानजी की विशाल प्रतिमा स्थापित है, जो श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का प्रमुख केंद्र है।
मेले का शुभारंभ मंदिर के महंत बाबूगिरी के सानिध्य और पंडित ओमप्रकाश व्यास सहित गांव के विशिष्टजनों की उपस्थिति में हुआ। सांवरिया हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नटराज सिंह कारोही और अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने लेटे हुए हनुमानजी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता की कामना की। पाटोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मेले में ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए झूले-चकरी और विभिन्न प्रकार की स्टॉलें लगाई गई हैं, जहाँ भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
मंदिर के व्यवस्थापक शिव समदानी ने बताया कि पाटोत्सव के मुख्य दिन यानी 11 मार्च को सुबह 10 बजे से श्री बालाजी सत्संग मंडल की ओर से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे हनुमानजी को छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित कर महाआरती की जाएगी और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण होगा।