भीलवाड़ा

कंजर बस्ती पर ग्रामीणों का धावा, मकानों में तोडफ़ोड़-आगजनी कर दो बाइक फूंकी

गांव में बाजार बंद, गरमाया माहौल, भारी पुलिस हुआ तैनात
2 min read
Bhilwara, bhilwara news, Villagers raid on Kanjar Basti in bhilwara, Latest news in bhilwara, Bhilwara hindi news, latest hindi news
खजूरी के ग्रामीणों ने बढ़ती चोरियों की वारदातों से खफा होकर बुधवार सुबह रजवास गांव में कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। यहां एक दर्जन मकानों में तोडफ़ोड़ कर दो मकानों और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया।

अमरगढ़।

जहाजपुर उपखण्ड क्षेत्र के खजूरी के ग्रामीणों ने बढ़ती चोरियों की वारदातों से खफा होकर बुधवार सुबह रजवास गांव में कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। यहां एक दर्जन मकानों में तोडफ़ोड़ कर दो मकानों और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। इससे बस्ती में माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों के हुजूम को देखकर कंजर समाज के पुरुष भाग छूटे जबकि महिलाओं और बच्चों के साथ ग्रामीणों ने बदसलूकी की। सूचना पर अमरगढ़ चौकी से पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। मुठ्ठीभर पुलिसकर्मी ग्रामीणों की भीड़ के आगे असहाय हो गई। उसके बाद जिला मुख्यालय समेत आसपास के आधा दर्जन थानों से जाब्ता वहां पहुंचा। पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी भी वहां पहुंचे। उसके बाद स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से भागते एक दर्जन ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया। घटना को देखते हुए खजूरी में बाजार बंद कर दिए गए।

जानकारी के अनुसार खजूरी में बुधवार रात दो मकानों में चोरी हो गई। यहां से ताला तोड़कर सत्तर हजार की नकदी समेत लाखों के गहने ले गए। सुबह इसकी भनक लगने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर में भरकर हाथों में लाठियां लेकर रजवास गांव पहुंचे। वहां कंजर बस्ती पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों के हुजूम ने कंजरों के घरों में तोडफ़ोड़ करना शुरू कर दिया। इससे पुरुष घर छोड़कर भाग छटूे। महिलाओं और बच्चों ने कोहराम मचा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दो घरों में आग लगा दी तथा बाहर रखी दो मोटरसाइकिल को भी जला दिया। बस्ती पर करीब आधा घण्टे तक तांडव किया गया। सूचना पर अमरगढ़ चौकी से तीन पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। लेकिन भीड़ को देखकर वह भी भयभीत हो गए। एेसे में उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी।

इसके बाद शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेश चीता, पुलिस उपाधीक्षक रामेश्वर प्रतिहार, शक्करगढ़ थानाप्रभारी दशरथसिंह समेत पण्डेर, फूलियाकलां, शाहपुरा, जहाजपुर व हनुमाननगर के साथ जिला मुख्यालय पुलिस लाइन से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। ग्रामीणों ने बस्ती को तहस-नहस कर दी। पुलिस अधीक्षक प्रदीपमोहन शर्मा और जहाजपुर उपखण्ड अधिकारी करतारसिंह भी वहां पहुंचे। इस दौरान एक ट्रैक्टर में भाग रहे एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिनको जहाजपुर थाने ले जाया गया। पकड़े गए ग्रामीणों को छूड़ाने के लिए खजूरी से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर जहाजपुर पहुंचे। उपखण्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस चोरों पर अंकुश नहीं लगा पा रही थी।

इससे पूर्व भी मंगलवार रात एक खेत में सब्जी चुराने गए कंजर जाति के चार युवकों को खेत मालिक ने ललकारा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी। खेत मालिक रिपोर्ट लेकर शक्करगढ़ थाने गया तो वहां उस पर समझौता करने का दबाव बना दिया। यहीं नहीं परिवादी को थाने पर बैठाया। पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा होकर ग्रामीणों ने रात में खजूरी में दो घण्टे तक प्रदर्शन कर थानाप्रभारी को मौके पर बुलाया। कार्रवाई की समझाइश पर ग्रामीण शांत हुए। इस बीच देर रात दो घरों में चोरी हो गई। उपखण्ड कार्यालय के बाहर जमा ग्रामीणों में समझाइश की जा रही थी।

Published on:
01 Nov 2017 12:59 pm
Also Read
View All