
भिण्ड. जिंदगीभर बच्चों को शिक्षा देने वाली सरकारी शिक्षिका आज खुद गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, लेकिन मुश्किल की इस घड़ी में परिवार का कोई सदस्य उनके साथ खड़ा नहीं है। पति पहले ही साथ छोड़ चुका है। बच्चे नहीं थे, इसलिए महिला मायके में रहने लगी, लेकिन वहां भी सहारा नहीं मिला। आखिरकार उन्हें अकेले किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। अब कैंसर से पीड़ित महिला के इलाज की जिम्मेदारी मोहल्ले के पड़ोसियों ने उठा रखी है। महिला शिक्षक ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि वह उनके परिजन को समझाइश दें जिससे उनके इलाज में मदद मिल सके।
57 वर्षीय सुधा तोमर पत्नी आलोक निवासी डाक बंगला, अटेर रोड भिण्ड मेहगांव क्षेत्र के सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें ब्लड कैंसर है। पिछले तीन दिनों से जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। चिकित्सकों से आगे के इलाज के लिए ग्वालियर ले जाने की जरूरत है, लेकिन उनके साथ जाने और देखभाल करने वाला कोई परिजन नहीं है।
सुधा की इस स्थिति में मोहल्ले के लोग मदद के लिए आगे आए हैं। पड़ोसी ही उनके इलाज और अस्पताल में देखभाल की व्यवस्था कर रहे हैं। उनके साथ की शिक्षिका अपर्णा भदौरिया सहित कुछ अन्य लोग भी लगातार सहयोग कर रहे हैं। महिला ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया है कि उनके परिजनों को समझाइश दी जाए, ताकि बीमारी के दौरान उन्हें परिवार का सहयोग मिल सके और बेहतर इलाज कराया जा सके।