Bhind Girl : दबोह के वार्ड 15 स्थित कुरचानिया मोहल्ला में शनिवार सुबह से सन्नाटा पसरा है। यहां की निवासी युवती रीना विश्वकर्मा की शुक्रवार को मौत हो गई थी। स्वर्गीय जगमोहन विश्वकर्मा की पुत्री रीना का शव भिण्ड-भांडेर रोड पर फरदुआ तिराहे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रीना के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मां मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रही थी, जबकि दोनों भाई काम के सिलसिले में बाहर हैं। ऐसे में मां अपनी बेटी की अप्रेल में होनेवाली शादी की तैयारियों में जुटी थी। जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से उसकी अर्थी उठी। खास बात यह है कि मृतका रीना ने अपने मंगेतर को मैसेज किया था। इसके बाद वह घर से निकली तो करीब 7 घंटों बाद उसकी लाश ही मिल सकी।