
Karva Chauth Road Accident: कार खरीदकार वापस घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत (फोटो सोर्स- Patrika)
Karva Chauth Road Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में करवाचौथ के दिन एक महिला का सुहाग उजड़ गया। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से पुरानी कार खरीदकर घर लौट रहे नीतेश सिंह भदौरिया (32) की सड़क हादसे में जान चली गई। फूप थाना क्षेत्र के गढ़ा चांचर गांव के पास कार अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे में नीतेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अब पत्नी पिंकी के सामने चार साल की बेटी और दो साल के बेटे की परवरिश की जिम्मेदारी आ गई है।
नीतेश पुत्र धीरेंद्र सिंह भदौरिया निवासी किशुपुरा भिण्ड से दिल्ली के बीच बस चलाता था। करवाचौथ के दिन वह अलीगढ़ से पुरानी कार खरीदकर गांव लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे निबुआ की चौकी पर कार में सवार उसके दो दोस्त उतर गए। उन्हें फूप से बाइक लेनी थी। इसके बाद नीतेश और उसका चचेरा भाई संजय कार लेकर गढ़ा चांचर होते हुए किशुपुरा के लिए रवाना हुए। गांव के पास अचानक कार बेकाबू होकर खंती में पलट गई।
हादसे में नीतेश के सिर में चोट लगने से उसकी जान चली गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। शुरुआत में ग्रामीण नितेश शरीर को गांव ले गए लेकिन संजय से जब पुलिस को पता चला कि कार में एक अन्य युवक भी सवार था, तब पुलिस गांव पहुंची और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
इस परिवार के लिए यह हादसा दोहरा दुख लेकर आया है। परिजनों के मुताबिक, नीतेश के एक भाई की भी कुछ साल पहले करवाचौथ के दिन निधन हो गया था। अब परिवार के सबसे बड़े बेटे नीतेश के भी दुनिया छोड़ देने से अपनों को फिर गहरे सदमे में डाल दिया है। नीतेश अपने पीछे पत्नी पिंकी, चार साल की बेटी और दो साल के बेटे को छोड़ गया है। पिता के निधन से अनजान मासूम बच्चों के भविष्य की चिंता और पति को खोने का दर्द पिंकी के लिए असहनीय हो गया है। घर में बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर अब चिंता का माहौल है।
Updated on:
31 Oct 2026, 10:19 AM IST
Published on:
31 Oct 2026, 10:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.