
sironj karwa chauth truck accident two men killed, मृतक ब्रजेश व कल्याण सिंह की जीवित अवस्था की तस्वीरें व पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर परिजन (Source-Patrika)
Vidisha Karwa Chauth Accident: मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में करवाचौथ के दिन जब महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर चांद से सुहाग की सलामती की दुआ मांग रही थीं। वहीं दूसरी तरफ एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो महिलाओं से उनके सुहाग को छीन लिया। घटना जिले के सिरोंज-कुरवाई मार्ग स्थित बायपास के पास की है जहां ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। करवाचौथ के दिन परिवार पर टूटे इस दु:ख के पहाड़ से गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्राम बगरोदा से तीन लोग कल्याण अहिरवार, खिल्ली अहिरवार और ओम दयाल मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिरोंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बायपास के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बगरोदा निवासी कल्याण उर्फ कल्लू अहिरवार उम्र 50 वर्ष और अहमदाबाद खिल्ली निवासी बृजेश अहिरवार उम्र 36 वर्ष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अहमदाबाद खिल्ली निवासी ओम दयाल घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 की मदद से घायल को शासकीय राजीव गांधी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती घायल ओम दयाल ने बताया कि सामने से ट्रक आ रहा था। ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था। हमने बचने के लिए अपनी तरफ होने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही ट्रक ने हमें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे हम तीनों सड़क पर जा गिरे, मैं मुख्य सड़क की बजाय नीचे गिरा जिससे चोट कम आई, लेकिन बाकी दो साथी सड़क पर ही गिरे , जिससे सिर फटने और तेज चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वहीं टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
हादसे ने दो परिवारों को गहरे दु:ख में डुबो दिया है। मृतक कल्याण अहिरवार के दो बच्चे हैं, जबकि बृजेश अहिरवार अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। करवाचौथ के दिन पति की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने और परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने के दर्द ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है।
Updated on:
29 Oct 2026, 6:43 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 6:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.