
पुलिस गिरफ्त में जब्त रकम के साथ आरोपी (फोटो सोर्स: Patrika)
Vidisha News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल जा रही मेमो ट्रेन में यात्री का 10 लाख रुपए से भरा बैग चोरी करने के मामले में जीआरपी विदिशा ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लाख 36 हजार 650 रुपए नकद, एक मोबाइल और बैग सहित कुल 9 लाख 43 हजार 50 रुपए का माल जब्त किया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय शत्रु उर्फ दीपक औझा निवासी ग्राम सुनाज, थाना कोलारस, जिला शिवपुरी के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को अमित शर्मा अपने मालिक गणेश शर्मा के कहने पर बीना स्थित रामजी प्लायबोर्ड शॉप से 10 लाख रुपए लेने गया था। रकम लेकर वह बीना से भोपाल जा रही मेमो ट्रेन में सवार हुआ। गंजबासौदा स्टेशन पर भीड़ अधिक होने के कारण उसने रुपयों से भरा बैग सीट के ऊपर लगी रेलिंग पर रख दिया। इसके बाद नींद लगने पर उसे बैग चोरी होने का पता नहीं चला। विदिशा स्टेशन पर आंख खुलने पर बैग गायब मिला। शिकायत पर जीआरपी थाना विदिशा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने ट्रेन के मार्ग में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। पुराने अपराधों में संलिप्त आरोपियों से संदिग्ध का मिलान करने के बाद पुलिस शत्रु उर्फ दीपक औझा तक पहुंची। उसे दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया है। उसके पास से नकदी के अलावा फरियादी का मोबाइल चार्जर और चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल भी जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक वीर बहादुर सिंह और आरपीएफ निरीक्षक राजेंद्र कुमार समेत टीम की भूमिका रही।
Updated on:
17 Oct 2026 02:40 pm
Published on:
17 Oct 2026 02:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
