
mandsaur hansa death, हंसा की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- patrika)
Mandsaur Snake Bite Death: दो दिन पहले जो बेटी मुस्कुरा कर घर में डांस कर रही थी और परिवार के लोग उसका वीडियो बना रहे थे, वो अब इस दुनिया में नहीं है। बेटी की मौत से परिवार गमगीन है और घर में सन्नाटा छाया हुआ है। घटना मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की है जहां रसूलपुर गांव में 6 साल की बच्ची की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। बच्ची परिवार के साथ बुधवार रात को खेत पर गई थी और इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बच्ची को बचाया नहीं जा सका और देर रात उसकी मौत हो गई।
रसूलपुर गांव में रहने वाले घनश्याम धनगर और उनका परिवार बुधवार रात को 8 बजे अपने खेत पर मूंगफली तोड़ने के लिए गए थे। घनश्याम की 6 साल की बेटी हंसा भी परिवार के साथ खेत पर थी। तभी खेत में खेल रही हंसा को सांप ने डस लिया। सांप के डसते ही हंसा दर्द से कराह उठी और दौड़ते हुए पिता के पास पहुंची और रोते-रोते कहा पापा मुझे अस्पताल ले चलो, मुझे सांप ने काट लिया है। पिता घनश्याम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत बेटी को गोद में लिया और फिर निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हंसा का इलाज शुरू किया लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। देर रात हंसा दुनिया छोड़ गई, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हंसा की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता घनश्याम ने बताया कि बेटी हंसा को सांप ने डस लिया था, अस्पताल लेकर आए थे लेकिन उसे बचा नहीं पाए। बच्ची हंसा का डांस करते हुए एक वीडियो परिवार के सदस्यों ने दो दिन पहले बनाया था जो अब हंसा की आखिरी याद के तौर पर उनके पास मौजूद है।
Updated on:
29 Oct 2026, 4:42 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 4:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.