30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Harda News: ‘मां, मुझे डॉक्टर के पास ले चलो’…और कुछ देर बाद दुनिया छोड़ गया 12 साल का साहिल

Snake Bite Death: मां समझती रही चूहे ने काटा है इसलिए उंगली पर तेल-हल्दी लगा दी, बेटा बोला- 'डॉक्टर के पास ले चलो मां', तब अस्पताल लेकर पहुंचे माता-पिता, इलाज के दौरान मौत।
2 min read
Google source verification
harda

12 year old boy dies after snake bite, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Harda Snake Bite Death: मध्यप्रदेश के हरदा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांकरिया गांव में एक 12 वर्षीय बच्चे साहिल की सांप के काटने से मौत हो गई। साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, उसे परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे, डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था जिसके कारण तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर साहिल को बचा नहीं पाए। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां समझी चूहे ने काटा है

कांकरिया गांव में रहने वाला साहिल घर में कंबल ओढकर सो रहा था, तभी उसे हाथ की उंगली में किसी जहरीले सांप ने डस लिया। उसने मां से कहा कि उसकी उंगली में किसी जहरीले जंतु ने काट लिया है। मां सरिता को लगा कि साहिल को चूहे ने काटा है, इसलिए उसने साहिल की उंगली पर तेल और हल्दी लगा दी। कुछ देर बाद साहिल की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे।

'मां मुझे डॉक्टर के पास ले चलो'

तबीयत बिगड़ने और चक्कर आने पर 12 साल के साहिल ने मां से कहा कि मुझे डॉक्टर के पास ले चलो। इसके बाद पिता रामू व मां सरिता अन्य परिजनों के साथ पैदल साहिल को गोद में उठाकर सड़क तकलाए और फिर वहां से जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच की तो पाया कि साहिल को सांप ने काटा है, तुरंत साहिल का इलाज भी शुरू किया लेकिन जहर ज्यादा फैल जाने के कारण इलाज के दौरान साहिल की मौत हो गई। बेटे साहिल की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार मूल रूप से पानतलाई गांव का रहने वाला है और पिछले चार-पांच वर्षों से कांकरिया में मजदूरी कर जीवनयापन कर रहा है।

बारिश के सीजन में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।

सांप के काटने पर क्या करें?

  • काटे गए अंग को जितना संभव हो स्थिर रखें।
  • तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचें।
  • झाड़-फूंक, चीरा लगाने या जहर चूसने जैसी गलत विधियों से बचें।
  • यदि संभव हो तो सांप की पहचान करने की कोशिश करें, लेकिन उसे पकड़ने का प्रयास न करें।