
दुकान खोलने जा रहे विक्रम बंजारा पर वा
मंदसौर। दुकान खोलने निकले कृषि उपज व्यापारी पर चाकू से हुए हमले के बाद रविवार को सुवासरा में तनाव की स्थिति बन गई। हमले में गंभीर रूप से घायल विक्रम बंजारा को उपचार के लिए मंदसौर रेफर किया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रुणीजा रोड पर चक्काजाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारी की मां ने आरोपी की दुकान तोड़ने की मांग भी उठाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुवासरा सहित तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कृषि उपज व्यापारी विक्रम बंजारा अपनी दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल सुवासरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण मंदसौर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार मंदसौर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल में मौजूद परिजनों के अनुसार, विक्रम के शरीर पर चाकू के आठ से दस घाव हैं। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और चोटों के कारण उनकी आंतें भी बाहर आ गई थीं। परिजनों ने बताया कि बेहोश होने से पहले विक्रम ने विक्रम दायमा नाम के व्यक्ति का नाम लिया था। हालांकि, पुलिस जांच में हमले की वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है।
व्यापारी पर हमले की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सुवासरा के रुणीजा रोड पर एकत्र होकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने समझाइश देकर चक्काजाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान घायल व्यापारी की मां ने भी आक्रोश जताते हुए आरोपी की दुकान तोड़ने की मांग की। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस के अनुसार, हमला करने वाला व्यक्ति वारदात के बाद चाकू घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया है और इसे जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुवासरा के साथ सीतामऊ और शामगढ़ थानों से भी पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। एहतियात के तौर पर तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीओपी के अनुसार, घायल व्यापारी और आरोपी बंजारा समाज से हैं। फिलहाल हमले का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और हमले के पीछे की वजह सामने आने का इंतजार है।
Updated on:
18 Oct 2026 10:16 pm
Published on:
18 Oct 2026 10:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
