
scorpio car cash seizure 1 28 crore three detained, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व जब्त कार व कैश (Source-Patrika)
Mandsaur Scorpio Cash Seizure: मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 1 करोड़ 28 लाख रुपये जब्त करते हुए 3 लोगों को हिरासत में लिया है। पैसा कार में बड़े ही शातिर तरीके से छिपाया गया था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना के कारण आरोपियों का प्लान फेल हो गया। पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। आशंका जताई जा रही है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से मामला जुड़ा हुआ है जिसके कारण पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरखेड़ा उदा गांव के सरपंच भवानीशंकर के घर पर उत्तरप्रदेश से दो व्यक्ति बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो कार से आए हुए हैं। कार सरपंच के घर के पीछे बाड़े में खड़ी है। इसके साथ ही ये भी जानकारी लगी थी कि जो लोग सरपंच के घर आए हैं वो अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हो सकते हैं और वो अधिक मात्रा में नकदी लेकर आए हैं जो कि स्कॉर्पियो में छिपाकर रखी गई है। पुलिस ने सूचना पर घेराबंदी कर दबिश दी तो स्कॉर्पियो के पास तीन व्यक्ति खड़े थे जिन्हें हिरासत में लेकर पुलिस थाने लेकर आई। थाने में मैकेनिक के जरिए स्कॉर्पियो की चैकिंग कराई गई तो अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये स्कॉर्पियो से जब्त हुए हैं।
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है उनके नाम भवानी शंकर पिता प्रभुलाल मीणा, उम्र 49 वर्ष, निवासी बरखेड़ा उदा थाना शामगढ़, मोहम्मद इस्लाम पिता मोहम्मद वसीम, उम्र 47 वर्ष, निवासी प्रतापपुर जीवनसहाय, जिला बरेली उत्तर प्रदेश, सूर्य प्रकाश पिता कृष्ण सरूप गंगवाड, उम्र 59 वर्ष, निवासी सेंट्रल इस्टेट कॉलोनी, जिला बरेली उत्तर प्रदेश हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से जब्त किए गए रुपयों के स्त्रोतों के बारे में पूछताछ कर रही है।
Updated on:
14 Oct 2026 05:44 pm
Published on:
14 Oct 2026 05:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
