15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gwalior News: बिस्तर में दुबके सांप ने हवलदार को डसा, AI से इलाज पूछकर बचाई जान

Constable Snake Bite: हवलदार को बिस्तर पर लेटते ही करैत सांप ने हाथ पर दो बार डसा, शोर सुनकर पहुंचे थाना प्रभारी ने सांप की फोटो खींचकर AI से पूछा उपचार का तरीका, एआई की सलाह से बची हवलदार की जान।
2 min read
Google source verification
Gwalior Constable Snake Bite

constable krait snake bite, एआई से बनाई गई बिस्तर पर सांप की तस्वीर व इनसेट में अस्पताल में भर्ती प्रधान आरक्षक (Source- AI+Patrika)

Gwalior Constable Snake Bite: मध्यप्रदेश में बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सर्पदंश का एक और मामला ग्वालियर से सामने आया है, यहां बिजौली थाने में पदस्थ एक हवलदार को थाना परिसर में ही बने सरकारी क्वार्टर में बिस्तर में दुबके करैत सांप ने डस लिया। सांप के डसते ही हवलदार ने शोर मचाया तो थाने में मौजूद स्टाफ भागकर क्वार्टर में पहुंचा तो करैत सांप बिस्तर के पास नजर आया। थाना प्रभारी ने तुरंत मोबाइल से सांप की फोटो खींची और AI से इलाज पूछा, इसके बाद हवलदार को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

हाथ में दो बार सांप ने डसा

बिजौली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार दिनभर ड्यूटी करने के बाद थककर रात में थाना परिसर में ही बने सरकारी क्वार्टर में पहुंचे थे। वो जैसे ही बिस्तर पर लेटे तो बिस्तर में दुबके करैत सांप ने उनके हाथ में दो बार डस लिया। सांप के डसते ही हवलदार पूरन सिकरवार ने मदद के लिए लोगों को बुलाया तो थाने में मौजूद स्टाफ व थाना प्रभारी भागते हुए क्वार्टर में पहुंचे। जब थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा तो सांप बिस्तर के पास ही रेंग रहा था।

AI से पूछा प्राथमिक उपचार

मौके पर पहुंचते ही थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने तुरंत मोबाइल से करैत सांप की फोटो खींची और AI का इस्तेमाल कर प्राथमिक उपचार पूछा। इसके बाद एआई के द्वारा दी गई सलाह और स्टाफ की मदद से तुरंत हवलदार पूरन सिकरवार को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भी थाना प्रभारी ने डॉक्टर को सांप की फोटो दिखाई जिसके कारण तुरंत सही इलाज शुरू हो पाया और अब हवलदार पूरन सिकरवार की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना पता चलने पर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और हवलदार पूरन सिकरवार का हाल जाना।

बारिश के सीजन में बढ़ जाता है सांपों का खतरा

बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।

सांप के काटने पर क्या करें?

  • काटे गए अंग को स्थिर रखें और अनावश्यक हलचल से बचें।
  • व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।
  • चीरा लगाने, जहर चूसने या झाड़-फूंक जैसी प्रक्रिया न करें।
  • सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश न करें।
  • सुरक्षित दूरी से संभव हो तो सांप की फोटो लें, लेकिन इसके लिए जोखिम न उठाएं।