
karwa chauth wife performs puja in icu, आईसीयू के बाहर से छलनी से पति को देखती पत्नी (Source-Patrika)
Jabalpur Karwa Chauth in Hospital ICU: करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की परंपरा को मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक पत्नी ने अपने त्याग से एक नई मिसाल दे दी। दो साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहे पति को पत्नी ने एक किडनी डोनेट कर नया जीवन दिया। पति-पत्नी दोनों ऑपरेशन के बाद अस्पताल में भर्ती हैं और करवाचौथ के दिन ऑपरेशन के बाद कमजोरी से जूझ रही पत्नी ने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा। ICU के बाहर से पत्नी ने छलनी से पति का चेहरा देखा और फिर अपना व्रत तोड़ा।
55 वर्षीय दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। पिछले दो साल से उनका डायलिसिस चल रहा था। बीते करीब सात महीने से दीपक की तबीयत ज्यादा खराब चल रही थी। पति की परेशानी देख पत्नी रश्मि ने पति को नई जिंदगी देने का निर्णय लिया। पत्नी ने पति को अपनी एक किडनी देने की इच्छा जताई और जरुरी जांचों के बाद 24 अक्टूबर को अस्पताल में दोनों भर्ती हो गए। 25 अक्टूबर को किडनी का सफल ट्रांसप्लांट की गई। ऑपरेशन के 24 घंटे बाद पत्नी रश्मि की किडनी पति दीपक के शरीर में अच्छे से काम करना शुरू कर दी।
पति दीपक और पत्नी रश्मि दोनों ही अभी अस्पताल में भर्ती हैं, ऐसे में करवाचौथ पड़ने पर पत्नी रश्मि ने पति की लंबी उम्र के लिए अस्पताल में ही करवाचौथ का व्रत रखा। अस्पताल प्रबंधन ने उनके लिए पूजा की व्यवस्था की। कमजोरी के चलते रश्मि व्हीलचेयर पर बैठकर अस्पताल परिसर में चंद्रमा को देखने पहुंचीं और चंद्रमा को अर्घ्य दिया। इसके बाद व्हीलचेयर पर ही आईसीयू में भर्ती पति दीपक का चेहरा बाहर से छलनी से देखकर अपना व्रत तोड़ा।
Updated on:
29 Oct 2026, 7:36 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 7:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.