
ऐसे में स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर परिषद की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सर्वेक्षण में इस बार कचरा संग्रहण के साथ उसके वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, कचरे से उपयोगी सामग्री तैयार करने और नागरिकों से मिलने वाले सीधे फीडबैक को भी महत्व दिया जाएगा। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई हैं।
नगर परिषद ने ट्रेचिंग ग्राउंड में जैविक खाद तैयार करने के लिए कंपोस्ट पिट, फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर स्थापित किए हैं। इन सभी केंद्रों की क्षमता पांच टन प्रतिदिन (टीपीडी) बताई गई है। एमआरएफ सेंटर में सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करके गीले कचरे से जैविक खाद तथा सूखे कचरे से उपयोगी सामग्री तैयार की जानी थी। लेकिन यहां लगी मशीनें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसी तरह कंपोस्ट खाद बनाने का प्लांट भी संचालित नहीं हो रहा है। यदि इस व्यवस्था को नियमित रूप से शुरू किया जाता तो किसानों को जैविक खाद उपलब्ध होने के साथ नगर परिषद की आय बढ़ाने का भी रास्ता खुल सकता था।
घरों के सेप्टिक टैंकों की सफाई के बाद निकलने वाले मल-जल के सुरक्षित निस्तारण के लिए एफएसटीपी बनाया गया था। इसका उद्देश्य मल-जल का वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करना था। लेकिन प्लांट की मौजूदा स्थिति दयनीय है। इसे कब और कितनी बार संचालित किया जाता है, इसका भी स्पष्ट रिकॉर्ड सामने नहीं है। करीब दस वर्ष पहले बनाए गए इन प्लांटों का नियमित संचालन और रखरखाव नहीं होने से इनके जर्जर होने का खतरा बढ़ रहा है। स्वास्थ्य शाखा के जिम्मेदार भी इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे का निस्तारण नहीं होने का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। आरोप है कि नगर से एकत्रित कचरे को ट्रेचिंग ग्राउंड तक पहुंचाने के बजाय कर्मचारी मुक्तिधाम के पास सड़क किनारे फेंक देते हैं। इससे वहां कचरे के ढेर लग रहे हैं। पूर्व में भी इस मामले को लेकर सवाल उठे थे और कचरा हटवाया गया था, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बनने लगी।
लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए प्लांटों का उपयोग नहीं होने से सरकारी धन के उद्देश्य पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में सीएमओ का कहना है कि बिजली की समस्या के कारण मशीनें बंद पड़ी हैं। शीघ्र ही इन्हें चालू कराया जाएगा। अब देखना यह है कि नगर परिषद सर्वेक्षण से पहले इन व्यवस्थाओं को वास्तव में दुरुस्त कर पाती है या नहीं।
प्लांट पर लगी मशीनों को सही करवाया जाएगा। कर्मचारियों को निर्देश जारी करेंगे कि वे कचरा निस्तारण कर ट्रेंचिंग ग्राउंड पर डालें।
दिनेश पुरोहित, सीएमओ, नप गोरमी