पूरा जोर लगाया फिर भी 23 लाख लोग आधारहीन

अभी 23.52 लाख व्यक्तियों का पंजीयन होना शेष है। जबकि आधार पंजीयन के लिए केन्द्र सरकार ने 31 दिसंबर की समय सीमा तय की है।
2 min read
Oct 15, 2015
aadhar
aadhar
(अब सरकारी अमला घर-घर जाकर सर्वे करेगा कि आधार बना है या नहीं। यदि नहीं बना है तो घर पर ही आधार पंजीयन किया जाएगा।)

भोपाल। प्रशासन ने प्रत्येक व्यक्ति का आधार पंजीयन कराने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन अब भी 23.52 लाख लोग पंजीयन से वंचित हैं। अब दिसंबर तक लगातार अभियान चलने के बावजूद अभी भोपाल संभाग में 63.07 लाख लोगों के आधार कार्ड बने हैं। अभी 23.52 लाख व्यक्तियों का पंजीयन होना शेष है। जबकि आधार पंजीयन के लिए केन्द्र सरकार ने 31 दिसंबर की समय सीमा तय की है।


निर्धारित तिथि तक लक्ष्य प्राप्त करने के लिये अब भोपाल संभाग के सभी जिलों भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा और राजगढ़ में लगभग 39 हजार व्यक्तियों का प्रतिदिन पंजीयन कराना होगा, तभी इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए अब सरकारी अमला घर-घर जाकर सर्वे करेगा कि आधार बना है या नहीं। यदि नहीं बना है तो घर पर ही आधार पंजीयन किया जाएगा।


संभागायुक्त एसबी सिंह ने इस संबंध में संभाग के सभी कलेक्टर्स को निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव एस.आर.मोहन्ती द्वारा हाल ही में समीक्षा बैठक लेकर इस संबंध में कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद यह कार्रवाई की जा रही है।


संभागायुक्त एसबी सिंह ने बताया कि जिन लोगों का आधार पंजीयन अभी तक नहीं हो पाया है, उनके लिये जनगणना की तरह घर-घर जाकर पंजीयन की कार्रवाई की जायेगी । इस कार्य में ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी स्तर तक सक्रिय लोगों का भी सहयोग लिया जायेगा। रोजगार सहायकों को भी इस कार्य में लगाया जायेगा।


आधार पंजीयन के लिये स्कूल कालेज तथा आंगनवाडिय़ों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। अभी नवजात शिशु से लेकर 18 वर्ष तक की आयु वर्ग का बड़ा वर्ग ऐसा है जिसमें आधार पंजीयन नहीं हो पाया है । इस वर्ग को इस योजना के अंतर्गत लाने के लिए विशेष कार्रवाई की जा रही है।


आधार पंजीयन के लिये आमजन को प्रेरित करने हेतु प्रचार प्रसार गतिविधियां भी संचालित की जा रही है । हर जिले की स्थितियां अलग अलग है। इस कार्य के लिये प्रत्येक जिले को अपनी रणनीति तय करनी होगी।


आधार कार्ड के संबंध में कलेक्टर के निर्देश अंतिम निर्देश होंगे। जिलों में पदस्थ अधिकारियों को उन्हीं निर्देशों के अनुरूप कार्य करना होगा। आधार कार्ड का उपयोग परिचय पत्र के रूप में किया जा रहा है। अत: समाज के गरीब तथा वंचित वर्ग के लोग आधार पंजीयन से न छूट जायें इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
Published on:
15 Oct 2015 09:39 am