10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Nvidia CEO जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ीं: चीनी जासूसी विवाद में शेयरधारकों ने ठोका केस, ट्रंप बोले- FBI कर रही जांच

Nvidia CEO जेनसन हुआंग के कथित निजी संबंधों और चीनी जासूसी से जुड़े आरोपों ने कंपनी को विवाद में डाल दिया है। शेयरधारकों ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है, जबकि एनवीडिया ने एक स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 10 Nov 2026, 9:39 AM IST

Nvidia founder and CEO Jensen Huang

एनवीडिया के संस्थापक व CEO जेन्सेन हुआंग (फोटो -विकीपिडिया)

अमेरिकी निवेशकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) और इसके CEO जेन्सेन हुआंग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कैलिफोर्निया के सैन होजे में अमेरिकी अदालत में दायर एक क्लास-एक्शन मुकदमे में शेयरधारकों का आरोप है कि कंपनी और हुआंग ने निवेशकों को अंधेरे में रखा। शिकायतकर्ताओं का तर्क है कि हुआंग ने कथित चीनी खुफिया एजेंट के साथ अपने निजी संबंधों और इससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों को छिपाकर कॉर्पोरेट गवर्नेंस के मानकों का उल्लंघन किया है।

एलिस हुआंग का चीनी खुफिया कनेक्शन

अदालत में दायर दस्तावेजों और अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, यह विवाद जेन्सेन हुआंग और ऐलिस हुआंग के बीच कथित संबंधों को लेकर है। ऐलिस हुआंग सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी रही हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ऐलिस हुआंग की पहचान चीन की मुख्य खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के एक सक्रिय एजेंट के रूप में की है।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि मेगास्पीड ने एनवीडिया के अत्याधुनिक AI प्रोसेसर को चीन भेजने में मदद की, जिससे अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों को दरकिनार कर दिया गया। इंडस्ट्री रिकॉर्ड बताते हैं कि इस क्षेत्र में बहुत कम मौजूदगी होने के बावजूद मेगास्पीड ने एनवीडिया से लगभग 2 अरब डॉलर की चिप्स खरीदीं और चीनी ई-कॉमर्स व क्लाउड दिग्गज अलीबाबा को कंप्यूटिंग क्षमता लीज पर दी।

जेन्सेन हुआंग ने 40 साल की शादी के बाद बेवफाई कबूली

इस विवाद को लेकर जेन्सेन हुआंग ने रविवार को एनवीडिया के सभी कर्मचारियों को एक भावुक और माफी भरा पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि अपनी पत्नी लोरी के साथ 40 साल की शादी के दौरान वह बेवफा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पत्र में किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया।

हुआंग ने लिखा, "मेरे कार्यों से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरी चोट पहुंची है। मैंने जो किया है, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे बहुत खेद है। मैं जानता हूं कि माफी मांगने से गलती सुधारी नहीं जा सकती, लेकिन मुझे उम्मीद है कि समय के साथ मैं अपने परिवार और आप सभी का भरोसा फिर से जीत सकूंगा।" हुआंग ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफल रहने के लिए कर्मचारियों, बोर्ड के सदस्यों और शेयरधारकों से भी माफी मांगी।

FBI कर रही जांच

यह कॉर्पोरेट मामला अब अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े मुद्दे में बदल गया है। पत्रकारों से बातचीत में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) एनवीडिया के CEO और ऐलिस हुआंग के बीच कथित संबंधों के साथ ही डेटा और तकनीक के संभावित लीक होने की जांच कर रहा है। इसके अलावा, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन प्रमुख समितियों के रिपब्लिकन अध्यक्षों ने जेन्सेन हुआंग को समन जारी किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे इन संबंधों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में स्पष्टीकरण दें।

Nvidia बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू की

वहीं, एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने एक स्वतंत्र आंतरिक जांच समिति का गठन किया है, जिसमें बाहरी कानूनी विशेषज्ञ भी मदद कर रहे हैं। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोर्ड के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे यह लगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की बौद्धिक संपदा को कोई नुकसान पहुंचा है, फिर भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है। एनवीडिया ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मेगास्पीड जैसी कंपनियों के साथ कोई भी गोपनीय या तकनीकी डेटा साझा नहीं किया गया था।