भोपाल

6 घंटे डाउन रहा एअर इंडिया का सर्वर, 18 से अधिक उड़ाने हुईं प्रभावित

देशभर में हजारों यात्री हुए परेशान...

3 min read
Apr 27, 2019
6 घंटे डाउन रहा एअर इंडिया का सर्वर, 18 से अधिक उड़ाने हुईं प्रभावित

भोपाल@ बृजेश शर्मा की रिपोर्ट
शनिवार सुबह एअर इंडिया का सर्वर SITA तकनीकी खराबी के चलते डाउन हो गया। सर्वर डाउन होने का असर देश भर में संचालित होने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट पर पड़ा। सर्वर के रिस्टोर होने तक दिल्ली से अलग-अलग शहरों को जोड़ने वाली एअर इंडिया की करीब 18 उड़ाने प्रभावित हुईं। देर रात 3 बजे डाउन हुए सर्वर को एअर इंडिया का तकनीकी विभाग सुबह सुबह 8.45 पर रिस्टोर कर सका। इस दौरान देशभर में हजारों यात्री परेशान हुए।

बिगड़ गया शेड्यूल...
एअर इंडिया के सर्वर डाउन होने की वजह से न सिर्फ घरेलू उड़ाने प्रभावित हुई बल्कि इसका असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा। सर्वर डाउन होने की वजह से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ाने समय से उड़ान नहीं भर सकीं। वहीं एअर इंडिया की फ्लाइट से दूसरे देश के लिये कनेक्टिंग फ्लाइट तक पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी और उनका अंतराष्ट्रीय यात्रा का शेड्यूल बिगड़ गया।

इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर लगी भीड़, यात्री हुए परेशान

सर्वर डाउन होने के बाद दिल्ली से संचालित होने वाली एअर इंडिया की घरेलू और अंतराष्ट्रीय उड़ाने प्रभावित हुईं। दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई लेकिन एअर इंडिया प्रबंधन यात्रियों को उड़ानों के समय की सही जानकारी नहीं दे पाया। यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एअर इंडिया
प्रबंधन की जमकर आलोचना की।

एअर इंडिया की तरफ से कोई सहायता नहीं मिली। कोई अधिकारी नहीं आया। एअर इंडिया की मान्यता का मूल्यांकन करने का समय आ गया।
रुमेला बासू, यात्री

हम एयरपोर्ट पर सुबह से इंतजार कर रहे थे लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटीज ने कोई खबर नहीं दी। एयर सर्वर डाउन होने पर एअर इंडिया को यात्रियों को कम से कम मैसेज तो करना चाहिए। हमारी दिल्ली से लंदन के लिए फ्लाइट है। हमें लंदन तक पहुंचने में बहुत परेशानी होगी क्योंकि हम दिल्ली से लंदन के लिए अपनी उड़ान चूक जाएंगे।
मुख्तियार सिंह, यात्री

एअर इंडिया का मेरा पहला अनुभव बहुत ही बुरा रहा। यहां का प्रबंधन बहुत खराब है।
रोहित, यात्री

एअर इंडिया का आधिकारिक ट्वीट -
हमारा सर्वर सिस्टम SITA, जिसने एक अस्थायी समस्या का सामना किया, शनिवार सुबह 8 बजकर 45 मिनिट पर बहाल किया गया। सीएमडी, निदेशकों, स्टेशन प्रमुखों सहित एअर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए हवाई अड्डों पर पहुंचे। असुविधा को कम करने के लिए उड़ानों को पुनर्निर्धारित किया गया।

भोपाल में भी दिखा असर, यात्री हुए परेशान
सर्वर ठप होने से एअर इंडिया देश भर में बड़ी संख्या में फ्लाइटें प्रभावित हुईं वहीं इसका असर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर दिखा। सर्वर ठप होने से यात्रियों के बोर्डिंग पास नहीं बन पाये।

ये फ्लाइटें हुई प्रभावित

AI435 दिल्ली-भोपाल सुबह 5:55 पर टेकऑफ होती है और 7:20 पर आती है भोपाल। 4 घंटे देरी से भोपाल पहुंची ।

फ्लाइट AI436 भोपाल-दिल्ली सुबह 8 बजे भरती है उड़ान। चार घंटे की देरी से हुई रवाना।

AI 633 मुम्बई-भोपाल सुबह 5:50 बजे उड़ान भरकर 7:25 पर भोपाल आती है भोपाल सुबह 10 बजे हुई मुम्बई से हुई टेकऑफ। सुबह 11.25 बजे चार घण्टे देरी से आई भोपाल।

AI 634 सुबह 8:10 बजे होती है मुम्बई के लिए रवाना। चार घंटे देरी से हुई रवाना।

सुबह की फ्लाइट थी इसलिये हम जल्दी एयरपोर्ट पहुंच गये थे।एयरपोर्ट पर पता चला फ्लाइट 4-5 घंटे लेट है। एयरपोर्ट पर परेशानी हुई वहीं लेट होने से मेरा भोपाल का प्लान भी बिगड़ गया।
प्रियंका गौतम, यात्री

मॉर्निंग फ्लाइट थी। रात 3 बजे सर्वर डाउन हो गया। में जल्दी एयरपोर्ट पहुंच गया था। सुबह 9 बजे तक धक्के खाने पड़े। मीटिंग में समय से नहीं पहुँच पाया। पूरा शेड्यूल बिगड़ गया।
अरविंद मेहरा, यात्री

शनिवार सुबह सर्वर मेन्टेन्स के दौरान सिस्टम में परेशानी हुई थी।जिससे एअर इंडिया की उड़ाने प्रभावित हुईं। अब स्थिति सामान्य हो गई है। एअरलाइन के यात्रियों को हुई परेशानी के लिये हमें खेद है।
जूलियस बोमन, सीनियर मैनेजर, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन ,SITA

Published on:
27 Apr 2019 04:16 pm
Also Read
View All