अमरनाथ यात्रा 2024 के रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं, इसके बाद भोपाल से पहला जत्था 26 जून को रवाना होगा।
Amarnath Yatra 2024 Registration: अमरनाथ यात्रा पर जाने की चाहत हर किसी की होती है। यहां दुर्गम रास्तों से होकर बड़ी संख्या में शिव भक्त हर साल यात्रा करते हैं। इस साल भी 6 लाख से अधिक शिव भक्त अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले हैं। मध्यप्रदेश में भी अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन लगातार हो रहे हैं। इस बार लोगों में उत्साह ज्यादा देखा जा रहा है। भोपाल से पहला जत्था 26 जून को रवाना होगा।
अमरनाथ यात्रा के लिए मध्यप्रदेश की बैंकों में रजिस्ट्रेशन कराने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहला जत्था ओम शिव शक्ति सेवा मंडल भेजेगा, जिसमें 300 से अधिक श्रद्धालु रवाना होंगे। मंडल के सचिव रिंकू भटेजा के मुताबिक भोपाल से इस साल भी 30 से 35 हजार लोगों के अमरनाथ यात्रा पर जाने का अनुमान है। शिव भक्त जम्मू एंड कश्मीर बैंक की टीटी नगर शाखा और पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में जाकर अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
मध्यप्रदेश के कई शहरों से अलग-अलग जत्थे रवाना होंगे। इनकी संख्या करीब 20 है। कई जत्थे मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से भोपाल आएंगे और यहां से एक बड़ा जत्था तैयार होगा। मंडल ने अमरनाथ श्राइन बोर्ड को पत्र लिखकर अमरनाथ यात्रा के लिए जल्द से जल्द हेलिकाप्टर सेवा की भी बुकिंग शुरू करने की मांग की है।
अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए 15 अप्रैल से मध्यप्रदेश की बैंकों में ऑनलाइन और ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। सरकार ने भी अमरनाथ यात्रा के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। यह शेड्यूल आनलाइन उपलब्ध है। बाबा अमरनाथ की यात्रा लगभग 50 दिनों तक चलेगी।
पिछले साल साढ़े चार लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे। अमरनाथ यात्रा 2024 में देर से बर्फबारी शुरू हुई थी जो अब तक जारी है। श्राइन बोर्ड ने इस बार 6 लाख श्रद्धालुओं के हिसाब से खास इंतजाम किए हैं।
पहली बार अमरनाथ यात्रियों को अमरनाथ के रास्तों में 5जी नेटवर्क की सुविधा मिलेगी। रास्तों में 10 मोबाइल नेटवर्क के प्रबंध किए गए हैं। 24 घंटे बिजली की भी व्यवस्था होगी।
इसके अलावा खान-पान और सेहत की जांच के लिए काउंटर बनाए जा रहे हैं। पिघलने वाली बप्फ को भी खत्म किया जाएगा जिससे शिव भक्त आराम से बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे। भीड़ को देखते हुए रास्तों को 14 फीट चौड़ा कर दिया गया है। पहले महज 3-4 फीट ही था।
जम्मू से लेकर अमरनाथ के रास्ते में पड़ने वाले जिलों में भी रजिस्ट्रेशन काउंटर और आरएफआईडी काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां यह काउंटर स्थापित होंगे, उनमें भगवती नगर, चीची माता मंदिर, रेलवे स्टेशन जम्मू, उधम पुर और जम्मू हवाई अड्डा शामिल है।
हेल्पलाइन नंबर 14464
टोल फ्री नंबर जम्मू 18001807198
टोल फ्री नंबर श्रीनगर 18001807199