
भोपाल। यदि आपको ग्रीन टी पीना पसंद नहीं है तो उसकी जगह आप माचा टी का सेवन कर सकते हैं। यह चाय भी स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होती है। डॉयटीशियन रश्मि श्रीवास्तव बताती है कि माचा चाय एक तरह की जापानी चाय है। यह पाउडर से बनी हुई ग्रीन टी है। इस चाय के सेवन से कैंसर जैसी बीमारियों से लडऩे की ताकत मिलती है। एक अध्ययन से यह भी सामने आया कि १२ हफ्ते तक इस चाय के सेवन से बॉडी फैट मास को काफी कम किया जा सकता है तो जानते हैं इस चाय से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में...
लिवर के लिए हेल्दी
लिवर संबंधी बीमारियों को दूर करने के लिए माचा चाय को लाभकारी माना गया है। इस संबंध में अलग-अलग अध्ययनों से यह सामने आया है कि ग्रीन टी के सेवन से लिवर संबंधी रोगों का खतरा कम किया जा सकता है। एक अन्य अध्ययन के अनुसार यदि नॉन अल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज है तो ९० दिनों तक इस चाय के सेवन से आराम मिलेगा।
ब्रेन फंग्शन
कई अध्ययनों से यह भी सामने आया है कि माचा टी में पाए जाने वाले कई तरह के कंपाउंड ब्रेन फंग्शन को बूस्ट करने का काम करते हैं। रिसर्च के अनुसार माचा टी अटेंशन, रिटेंशन टाइम और मैमोरी को इंप्रूव करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक अन्य अध्ययन के अनुसार यदि दो महीने तक २ ग्राम माचा ग्रीन टी पाउडर का सेवन किया जाए तो इससे व्यस्क लोगों में भी ब्रेन फंग्शन को इंप्रूव किया जा सकता है। ग्रीन टी की तुलना में माचा टी में कैफीन की मात्रा ज्यादा होती है। एक ग्राम माचा पाउडर में ३५ एमजी कैफीन होती है। कैफीन ब्रेन फंग्शन को इंप्रूव करता है। इसमें पाए जाने वाले अन्य तत्व डिप्रेशन को दूर करते हैं।
एंटी ऑक्सीडेंट्स से भरपूर
शरीर को कई तरह के गंभीर रोगों से बचाने, त्वचा को स्वस्थ रखने एवं सूर्य की हानिकारक किरणों के प्रभावों को कम करने में एंटी ऑक्सीडेंट्स बहुत ही महत्त्वपूर्ण होते हैं। इन एंटी ऑक्सीडेंट्स का लाभ हम कच्चे फलों, सब्जियों एवं डार्क चॉकलेट के सेवन से ले सकते हैं लेकिन यदि आप माचा ग्रीन टी का सेवन करेंगे तो आपको अन्य विकल्पों की तुलना में ५ गुना ज्यादा एंटी ऑक्सीडेंट्स मिलेंगे। एक अध्ययन के अनुसार माचा चाय का बहुत कम मात्रा सेवन भी शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने का काम करता है।
कैंसर की रोकथाम
माचा में पाए जाने वाले हेल्थ कंपाउंड कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने का काम भी करते हैं। यह बात कुछ एनिमल स्टडीज से सामने आई है। एक अन्य अध्ययन के अनुसार ग्रीन टी एक्स्ट्रैक्ट ट्यूमर की साइज को कम करने का काम करता है। साथ ही ब्रेस्ट कैंसर सेल्स की रेट को भी घटाता है।
हार्ट को हेल्दी रखेगी
हृदय रोगों से मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। एक स्टडी के अनुसार ग्रीन टी की तरह माचा चाय भी हृदय को स्वस्थ रखने का काम करती है। यह शरीर में बुरे कोलेस्ट्रोल और ट्राइग्लिसराइड के लेवल को कम कर हृदय रोगों का खतरा कम करती है। एक अन्य अध्ययन के अनुसार ग्रीन टी के सेवन से हार्ट डिजीज एवं स्ट्रोक का खतरा कम किया जा सकता है।