
Milk Price Hike: दीपावली त्योहार निकलते ही महंगाई का झटका लोगों को लगने जा रहा है। अब सुबह की चाय भी महंगी पड़ने वाली है। दूध के बड़े प्लेयर अमूल ने अपने उत्पादों खासकर दूध के दाम में तगड़ा उछाल ला दिया है। कंपनी ने दूध के दाम में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की वृद्घि कर दी है। नई दरें 12 नवंबर सुबह से लागू हो जाएगी। हालांकि सांची, श्रीधी, मदर डेयरी, सौरभ आदि के दूध के रेट फिलहाल मध्यप्रदेश में नहीं बढ़े हैं।
कंपनी ने बढ़ती खरीद लागत, फैट के रेट ज्यादा देने, मालभाड़ा महंगा होने और पानी की कमी से उत्पादन कमजोर होने जैसे कारण से दूध के दाम बढऩा बताया है। दूध के रेट बढ़ाने की पुष्टि अमूल की तरफ से अधिकारिक जानकारों ने की है।
इधर श्रीधी के नाम से दूध बनाने वाली कंपनी की तरफ से डायरेक्टर नीतेश जैन बताते हैं कि हालांकि अभी उनकी कंपनी ने दूध के दाम नहीं बढ़ाए है। लेकिन दाना/चारा के रेट काफी महंगे हो गए है। उन्होंने बताया कि हालांकि प्रदेश सरकार नकली उत्पादों को बिकने से रोकने के लिए काफी प्रयास कर रही है, डेेयरी उत्पादों पर इसके बेहतर रिजल्ट मिले हैं। इसलिए शुद्घ दूध की मांग एकाएक बढ़ गई है।
अमूल का 1 लीटर गोल्ड जो अब तक 70 रुपए में मिल रहा था, गुरुवार से 74 रुपए में मिलेगा। अमूल ताजा (चाय मजा) 57 रुपए से बढक़र 59 रुपए में मिलेगा। इसी प्रकार अमूल का आधा लीटर वाला गोल्ड 35 की जगह 2 रुपए महंगा यानी 37 रुपए में मिलेगा।