राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव 15 नवंबर को धार पहुंचेंगे और भगवान बिरसा मुंडा को अपनी श्रद्धांजलि देंगे। सीएम यादव धार जिले में रोड शो भी करेंगे। रोड शो के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीणों के बीच जाकर उनसे संवाद कर सरकारी योजनाओं पर फ़ीडबैक लेंगे। इस दौरान जिले में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के तहत पात्र पट्टेधारियों के प्लाट और मकान की रजिस्ट्री का अपने समक्ष निष्पादन भी करेंगे। साथ ही, धार वासियों को करोड़ों की लागत के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। भगवान बिरसा मुंडा जयंती को और भी विशेष बनाते हुए मुख्यमंत्री डा. यादव इसी दिन 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' का लोकार्पण कर धार और आलीराजपुर जिले के किसानों के खेतों में नर्मदा जल से सिंचाई की सौगात भी देंगे।