भोपाल

बैरागढ़ के छात्र ने हॉसिल किया प्रावीण्य सूची में स्थान

माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश के कक्षा 10 वीं और 12 वीं के परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित किये गए। जिसमें बैरागढ़ की सबसे पुरानी और शिक्षा जगत...
2 min read
May 15, 2018
mp board result
mp board result

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश के कक्षा 10 वीं और 12 वीं के परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित किये गए। जिसमें बैरागढ़ की सबसे पुरानी और शिक्षा जगत में अग्रणी संस्था नव युवक सभा द्वारा संचालित केटी शाहानी स्कूल के विज्ञान (गणित) के छात्र हिमांशु जैन ने 96% अंक प्राप्त कर कक्षा 12 वीं में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में सातवा स्थान प्राप्त किया। हिमांशु ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं भाई बहन को दिया।

हिमांशु जैन की सफलता पर नव युवक सभा के तोलाराम हिमथानी, वासदेव वाधवानी, राजेश हिंगोरानी, एसी साधवानी, धरम प्रकाश मोटवानी, हीरो ज्ञानचंदानी, मंघाराम टहिलियानी, विमला हिंगोरानी सहित समस्त स्टाफ ने बधाई दी।

ये रहे mp टॉपर...
mpboard 2018 की 10वीं परीक्षा के रिजल्ट में मध्यप्रदेश के शाजापुर के छात्र और विदिशा की छात्रा ने प्रदेश में पहला स्थान पाया है। पूरे प्रदेश में 10वीं का रिजल्ट 66.54 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल की तुलना में 16.68 फीसदी ज्यादा है। मध्यप्रदेश की मेरिट लिस्ट में कुल 181 बच्चों ने स्थान पाया है। मुख्यमंत्री निवास में इन मेधावी बच्चों को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित किया। इस मौके पर बच्चों ने अपनी मेहनत और सफलता का श्रेय अपने परिजनों को दिया। सभी बच्चों ने बताया कि किन कष्टों में या किन परिस्थितियों में उन्होंने पढ़ाई कर यह सफलता हासिल की है। सभी ने अपने इरादे भी बताए कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं।

नौसेना में जाकर करेंगे देश की सेवा
शाजापुर जिले के कालापीपल के हर्षवर्धन सिंह परमार सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ते हैं। उनके पिता दूध का व्यवसाय करते हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कई बार हर्ष ने पिता को कारोबार कारोबार में मदद करने की बात कही, लेकिन हर्ष के पिता ने सिर्फ उन्हें पढ़ाई में ही ध्यान देने की प्रेरणा दी। यही कारण रहा कि हर्ष ने मेरिट में आकर उनका और अपने जिले का नाम रोशन कर दिया। हर्ष ने बताया कि वो बड़ा होकर नौसेना में बड़ा आफिसर बनना चाहता है। देश सेवा में उसकी रुचि है। इसके लिए वह परीक्षाओं की जानकारी भी जुटा रहा है। उसने 500 में से 495 अंक हासिल किए।

सीएम के जिले की अनामिका बनेंगी सॉफ्यवेयर इंजीनियर
विदिशा जिले के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली अनामिका साध ने भी कमाल कर दिया। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 10वीं की छात्रा अनामिका साध के पिता अनिल साध सांची के शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। वह बताती है कि वह रोज सुबह 5 बजे उठकर पढ़ाई करती है। करीब तीन से चार घंटे रोज सुबह के वक्त मेहनत करती है। इसके अलावा वह शाम को भी पढ़ाई करती है। अनामिका अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। अनामिका जेईई की तैयारी करने के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हैं। उसने 500 में से 495 अंक हासिल किए।

चार छात्रों ने बनाया दूसरा स्थान
इनके अलावा उमरिया के सुभाष प्रसाद पटेल और प्रभात शुक्ला, आगर मालवा के संयम जैन और ब्यावरा राजगढ़ के राधेश्याम सोंधिया ने मेरिट लिस्ट में दूसरा स्थान पाया है। चारों ने 500 में से 494 अंक हासिल किए हैं।

तीसरे स्थान पर पांच परीक्षार्थी
इस बार 10वीं की मेरिट लिस्ट में तीसरे स्थान पर पांच परीक्षार्थियों ने कब्जा जमाया। इनमें बुरहानपुर के चितवन नाईक, और बुरहानपुर की ही आयुषी शाह, नरसिंहपुर की साक्षी लोधी, छतरपुर की प्रिया साहू और अनूपपुर की पलक गौतम ने प्रदेश में तीसरा स्थान पाया है।

181 छात्र प्राविण्य सूची में
इस बार दसवीं बोर्ड की मेरिट लिस्ट में 181 स्टूडेंट शामिल हुए हैं।

Published on:
15 May 2018 08:39 am