
Berasia suicide case - Mother hanged herself with three daughters - एमपी की राजधानी भोपाल के पास दर्दनाक वारदात हुई। यहां अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ मां फांसी पर झूल गई। इनमें से दो बेटी और मां की मौत हो गई। एक ही घर में तीन लाशें देख हर किसी का कलेजा कांप उठा।
बैरसिया के गुनगा के पास रोंडिया गांव में यह दिल दहलाने वाली घटना हुई। पता चला कि पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि गांव की एक महिला अपनी तीन बेटियों के साथ फांसी के फंदे पर लटक गई। महिला और उसकी दो बेटियों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि एक अन्य बेटी की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या की वजह पता नहीं चल पाई है, कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। हालांकि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी गई है।
मां और दो बेटियों की मौत
रोंडिया गांव की 28 साल की संगीता नामक महिला ने मंगलवार को यह खौफनाक कदम उठाया। सुबह जब परिजन उठे तो संगीता और उसकी तीनों बेटियों को फंदे पर झूलता देखा। परिजनों ने उन्हें तुरंत फांसी से उतारकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक मां और दो बेटियों की सांसें थम चुकी थीं।
गुनगा थाना प्रभारी अरुण शर्मा के अनुसार परिजनों ने बताया कि सुबह उठे तो देखा कि संगीता और तीनों बेटियां फंदे पर झूल रही थीं। पूरा परिवार साथ ही रहता था। संगीता और उसकी दो बेटियों पांच साल की आराध्या तथा डेढ़ साल की श्रष्टि अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। ढाई वर्ष की बेटी मनु की सांसें चल रही हैं जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत भोपाल भेज दिया गया है।