
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन करने वाला यह VIDEO दुनियाभर में वायरल हो गया। अब तक करीब 50 लाख लोग इस वीडियो को देख चुके हैं। खास बात यह है कि रांग साइड आ रही जीप के आगे एक बाइक सवार युवक ने अपनी बाइक अड़ा दी। वह अंत तक बाइक नहीं हटाने पर अड़ा रहा। अंततः जीप चालक को ही अपनी जीप सही रास्ते पर लाना पड़ी।
सोशल मीडिया पर इस बाइक सवार युवक की सभी तारीफ कर रहे हैं। कोई उसे रीयल हीरो बता रहा है, तो कई लोग जीप चालक को जेल भिजवाने की बात कर रहे हैं।
सही साबित हुआ वायरल सच
यह वीडियो वायरल होने के बाद जब पत्रिका ने इसकी पड़ताल की तो यह भोपाल के ही चूना भट्टी इलाके का निकला। यह घटना 3 नवंबर 2017 की दोपहर ढाई बजे के आसपास हुई है। इस संबंध में बाइक सवार ने जीप चालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है।
बहस के बाद होती है मारपीट
यह मामला भोपाल के चूनाभट्टी इलाके का है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि यह युवक सही चल रहा था और सामने रांग साइड से आ रही थी एक जीप। जीप चालक रांग साइड से निकलना चाहता था लेकिन, बाइक सवार उसे गलत तरीके से नहीं जाने देना चाहता था। वह अपनी बाइक को उस जीप के आगे अड़ा देता है। जीप चालक बार-बार निकलने की कोशिश करता है तो उसके साथ बहस भी होती है। बाइक सवार जीप चालक के नंबर प्लेट की फोटो खींचता है, तो गुस्से में जीप चालक भी उस बाइक सवार की फोटो अपने कैमरे में कैद करता है।
पूरा नजारा कैमरे में कैद
जब बाइक सवार वहां से नहीं हटता है तो जीप चालक अपनी जीप से बाहर आता है और सड़क पर बाइक चालक के सामने कान पकड़कर बैठ जाता है और अपनी गलती मानता है। यह पूरा नजारा वीडियो में साफ नजर आ रहा है। लेकिन देखते ही देखते उसके साथ मारपीट करने लगता है। दोनों में काफी देर तक धक्का मुक्की होती है। इन सब के बीच सड़क के दोनों तरफ जाम के हालात बन जाते हैं। कुछ लोगों के बीच-बचाव करने के बाद मामला सुलझ जाता है।
आखिर पीछे करना पड़ी जीप
इतना हंगामा होने के बाद बाइक सवार अपनी जगह से नहीं हिलता है, आखिर जीप चालक को ही पनी जीप लेकर पीछे जाना पड़ता है फिर सही रास्ते जाना पड़ता है। वह उसे सही रास्ते पर चलने की नसीहत भी देता है।