Bhopal news: सुरक्षित डिलिवरी कराने की पहल के लिए जिला अस्पतालों और 47 जिलों के सिविल व सामुदायिक अस्पतालों में सुविधा दी जाएगी।
Bhopal news: गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ विभाग बड़ा कदम उठाने जा रहा है। दूर क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं की घर पर होने वाली डिलिवरी रोकने अब स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में बर्थ वेटिंग होम बनाने जा रहा है। इसका लाभ यह होगा कि दूर रहने के कारण प्रसव की तारीख के एक सप्ताह पहले से ही लाकर गर्भवती महिला को बर्थ वेटिंग होम में रखा जाएगा।
यहां डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ सभी जरूरी जांच और देखभाल करेंगे। यदि कोई क्रिटिकल केस होगा तो उसे उच्च अस्पताल रेफर किया जाएगा।
गर्भवतियों को 7-10 दिन पहले बर्थ वेटिंग तक पहुंचाने का जिम्मा आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा। वार्ड में गर्भवती के साथ अटेंडर और छोटे बच्चे के भोजन की व्यवस्था होगी।
बर्थ वेटिंग होम का संचालन एंटी नेटल वार्ड या मेटरनिटी विंग के नजदीक होगा। इसके लिए जिला अस्पताल में अलग से सर्वसुविधा युक्त वार्ड चिह्नित होंगे। वार्ड में नर्सिंग स्टेशन होगा और पर्याप्त दवाएं, वेंटीलेशन के साथ एसी/कूलर, टीवी और वार्मर उपलब्ध रहेगा।
प्रियंका दास, संचालक, एनएचएम मिशन का कहना है कि सभी 51 जिला अस्पतालों के साथ 71 सिविल और 249 सामुदायिक अस्पतालों में यह सुविधा शुरू की जा रही है। जिलों को ९.१७ करोड़ का बजट भी दिया गया है। बर्थ वेटिंग होम में उच्च जोखिम और दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं मिलने से मृत्युदर को सुधारा जा सकेगा।