IAS Santosh Verma - ब्राह्मण समाज का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर रोका
IAS Santosh Verma - मध्यप्रदेश में अजाक्स के कार्यक्रम में ब्राह्मणों की बेटियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करनेवाले आईएएस संतोष वर्मा की खिलाफत जारी है। राजधानी भोपाल में रविवार को ब्राह्मण समाज ने उनपर कार्रवाई के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सीएम हाउस की ओर जाने के लिए आगे बढ़े जिससे हालात बेकाबू होने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया जिससे कई महिलाएं और बुजुर्ग घायल हो गए। मौके पर ही उनका इलाज किया गया जबकि एक दो गंभीर घायल अस्पताल पहुंचे हैं। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सपाक्स एवं ब्राह्मण संगठनों ने रौशनपुरा चौराहे पर धरना दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करके गिरफ्तारी भी की।
ब्राह्मण समाज, आईएएस संतोष वर्मा की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। इस मांग के समर्थन में प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। लोगों ने सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए।
आईएएस संतोष वर्मा की खिलाफत करते हुए प्रदर्शनकारी रोशनपुरा चौराहे से सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके लिए जबर्दस्त बैरिकेडिंग की गई थी लेकिन प्रदर्शनकारी तब भी नहीं रुके।
रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग के बावजूद कई प्रदर्शनकारी बाणगंगा चौराहे तक पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने सख्ती दिखाई। आगे बढ़ते प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।
इससे अफरातफरी मच गई।
कई प्रदर्शनकारी वॉटर कैनन की मार नहीं झेल सके। इससे कई लोग घायल हो गए। विशेष रूप से बुजुर्ग और महिलाएं घायल हुई। मौके पर मेडिकल टीम भी मौजूद थी जिसने घायलों का इलाज किया।