Bhopal road accident: भोपाल से बैरसिया के बीच स्थित निपानिया इलाके में यह भीषण हादसा हो गया। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एसयूवी कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चार युवक बुरी तरह फंस गए।
Bhopal road accident: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन परिवारों की खुशियां उजड गई। बुधवार को सुबह से ही गांव में मातम पसरा हुआ है। एक तेज रफ्तार एसयूवी और भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच मंगलवार रात को टक्कर हो गई। दोनों की सामने से इतनी तेज टक्कर हुई कि कई किलोमीटर दूर तक आवाज आई। इस हादसे के बाद एसयूवी में सवार चार युवक फंस गए थे। इनमें से तीन की मौत हो गई।
भोपाल से बैरसिया के बीच स्थित निपानिया इलाके में यह भीषण हादसा हो गया। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एसयूवी कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चार युवक बुरी तरह फंस गए। बताया जा रहा है कि यह चारों दोस्त रात में चाय पीने के लिए निकले थे। तभी इस घटना ने सभी दोस्तों को जुदा कर दिया।
ईंटखेड़ी पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात को ईंटखेड़ी पंचायत के सचिव गुलाब मेहर के पुत्र हर्ष मेहर (23), उनके भतीजे सतीश मेहर (22), दोस्त लकी कुशवाहा और गब्बर निपानिया की ओर चाय पीने जा रहे थे। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से उनकी तेज रफ्तार एसयूवी टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी कुशवाहा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर अवस्था में गब्बर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। रात को जैसे ही खबर उनके गांव पहुंची तो चीख पुकार मच गई। बुधवार को तीनों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
हादसे के वक्त तेज आवाज आई, इसके बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए थे। जब लोग दुर्घटनास्थल पर आए तो चारों युवक एसयूवी कार में फंसे हुए तीन की तो घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गब्बर की सांसें चल रही थीं। कार का चेसिस काटकर शवों को और घायल गब्बर को बाहर निकाला गया। मंजस इतना भयानक था कि वहां मौजूद ग्रामीण भी सहम गए थे।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया उस समय ट्रैक्टर ट्राली की केवल एक लाइट जल रही थी। इससे माना जा रहा है कि अंधेरे के कारण एसयूवी चालक अंदाजा नहीं लगा पाया और ट्रैक्टर से भिड़ गया।
ईंटखेड़ी क्षेत्र की एसडीओपी मंजू चौहान के अनुसार तीन शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रात को ही भेज दिया गया था। ईंटखेड़ी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विस्तृत जांच के बाद दुर्घटना के कारणों की सही जानकारी सामने आएगी।