
Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले वीआईपी रोड पर छात्रों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई, फिर एक खंभे से जा लगी। मामले में हादसे का शिकार हुए छात्रों में से एक छात्र का मैसेज सामने आया है। ये मैसेज छात्र द्वारा अपने घर वालों को हादसे से महज दो मिनट पहले किया गया था, जिसमें उसने लिखा था कि, ड्राइवर बड़ी लापरवाही से बस चला रहा है।
हादसे में घायल हुए छात्र सुमित पवार का कहना है कि, बस अपने निर्धारित समय से आधे घंटे लेट चल रही थी। ऐसे में बस चालक ने तेज रफ्तार में बस चला रहा था। वीआईपी रोड पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया, जिसके बाद बस पलट गई। सुमित के मुताबिक, हादसे से करीब दो मिनट पहले ही उसने अपने एक परिचित को मैसेज किया था, जिसमें उसने कहा था कि, बस चालक बहुत लापरवाही से बस चला रहा है। बताया जा रहा है कि, सुमित आरजीपीवी में सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सेकेंड ईयर के छात्र हैं। वे माता मंदिर से बस में सवार होते हैं।
आरजीपीवी के वाइस चांसलर आलोक शर्मा के अनुसार, हादसे बेहद दुखद है। उन्होंने हादसे पर अपडेट देते हुए कहा कि, मौजूदा समय में 6 से 7 बच्चे घायल हुए थे, जिनमें से 4-5 को छुट्टी मिल चुकी है। एक-दो को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी, जबकि एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, सामने आए सूत्रीय इनपुट के अनुसार, एक छात्र की हालत बेहद नाजुक है, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
आलोक शर्मा का कहना है कि, हादसे के कारणों और बस चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक बस चलाने के आरोपों की जांच की जाएगी। ट्रांसपोर्ट विभाग से बात कर ऐसी घटनाओं को रोकने की व्यवस्था करने की चर्चा करेंगे।
मामले की जानकारी देते हुए कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि, सुबह 12 नंबर इलाके से आरजेपीवी के छात्रों को लेकर जा रही बस वीआईपी रोड के पर मोड़ पर हादसे का शिकार हुई है। शुरुआती पड़ताल के अनुसार, हादसे के वक्त बस की रफ्तार अधिक थी। चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाने के कारण बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद बस को सीधा किया गया और उसमें सवार छात्रों को निकालकर एंबुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अगर हादसे का शिकार हुई बस को डिवाइडर पर लगे खंभे का सहारा न मिलता तो ये हादसा और भी भयावह हो सकता था। क्योंकि, जिस रफ्तार में बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए खंभे से टकराई थी, ये संभव था कि, अगर वो खंभे पर न रुकती तो सामने वाली लेन पर उतर जाती। और वहां सामने आ रहे वाहनों से उसकी भिड़ंत तय थी। हादसे के वक्त मार्ग पर कई दो पहिया वाहन भी चल रहे थे। अगर वो बस की चपेट में आते तो हादसा और बड़ा रूप ले सकता था।
फिलहाल, हादसे में बस सवार छात्रों के साथ साथ स्टाफ के करीब 3 सदस्य घायल हुए हैं। हादसे में कुल 11 लोगों के घायल होने की जानकारी है। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।