Big news : बावरिया के इस बयान पर कांग्रेस में मचा घमासान, टिकट देने की प्राथमिकता जीत हो, उम्र का तकाजा नहीं: अजय
भोपाल. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के विधानसभा चुनाव के लिए आयु संबंधी बयान पर कांग्रेस में घमासान मच गया है। पार्टी के वरिष्ठ विधायकों ने ऐतराज जताया है। बावरिया ने कमलनाथ की नई टीम की पहली बैठक में कहा कि 60 साल की उम्र पार कर चुके नेता टिकट का मोह छोड़ दें, क्योंकि वे कई बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, जीतने वाला उम्मीदवार ज्यादा जरूरी है या उसकी उम्र? ये तय करना पड़ेगा। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि पहले ये तो तय हो जाए कि बावरिया की इस गाइडलाइन का पता पार्टी हाईकमान को है या नहीं।
यदि बावरिया की ये बात मानी जाए तो नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष समेत नौ ऐसे विधायक इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं बन सकेंगे, जो पार्टी के लिए जीत की गारंटी साबित होते आ रहे हैं। ऐसे विधायकों ने ऐतराज जताते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी यह तय कर लें कि टिकट किसे देना है।
ये नौ विधायक 60 के पार
- अजय सिंह - 63
- राजेंद्र सिंह - 68
- डॉ. गोविंद सिंह - 67
- आरिफ अकील - 66
- केपी सिंह - 65
- मुकेश नायक - 61
- यादवेंद्र सिंह - 68
- सुंदरलाल तिवारी - 61
- गोवर्धन उपाध्याय - 65
(कई पूर्व विधायक भी 60 पार हैं)
इनका कहना है
जरूरी नहीं कि 60 साल से कम वालों को ही टिकट दें। जिताऊ चेहरे प्राथमिकता हों न कि उम्र। इसमें तो हम लोग वैसे ही आ जाते हैं।
अजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष
बावरिया महाज्ञानी हैं, हम उनके बराबर ज्ञानी नहीं, अगर हमें पार्टी में रहना है तो जो भी फैसला होगा वो मंजूर करना ही पड़ेगा।
डॉ. गोविंद सिंह, विधायक, कांग्रेस
ये बावरिया का अपना बयान है। वे कई बार अपने बयान वापस भी ले चुके हैं। अभी तो ये भी नहीं पता कि ये बात राहुल गांधी से मंजूर है या नहीं।
राजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष, विधानसभा
बावरिया कहते हैं 60 पार वालों को टिकट नहीं। कमलनाथ कहते हैं जीतने वाले को ही टिकट। दोनों मिलकर तय कर लें करना क्या है।
आरिफ अकील, विधायक, कांग्रेस
पहले भी दिए विवादित बयान
दीपक बावरिया के बयानों पर पहले भी विवाद हो चुका है। हाल ही में उन्होंने एक मीटिंग में कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं। वे टिकट का फॉर्मूला भी लाए थे, जिसमें दावेदार को 50 हजार रुपए का डीडी पीसीसी को देना था। राहुल गांधी से इसकी शिकायत हुई तो नियम रद्द किया गया। दावेदारों को उनके रुपए भी लौटाना पड़ा।
कांग्रेस में टिकट पर चर्चा आज से
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री शुक्रवार को दो दिन के लिए भोपाल आ रहे हैं। उनके साथ कमेटी के दोनों सदस्य नीता डिसूजा और अजय कुमार भी मौजूद रहेंगे। वे नेताओं से टिकट वितरण पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस में संभवत: यह पहला मौका है जब स्क्रीनिंग कमेटी भोपाल आकर नेताओं से चर्चा कर रही है। मिस्त्री पार्टी के मोर्चा-संगठन अध्यक्षों और पूर्व विधायक से चर्चा करेंगे।