
भोपाल। भाजपा प्रदेश संगठन ने सांसद पदयात्रा (गांधी संकल्प यात्रा) की रिपोर्ट सोमवार को पार्टी के केंद्रीय संगठन को सौंप दी। मध्यप्रदेश में गांधी संकल्प यात्रा के प्रदर्शन को केंद्रीय संगठन ने संतोषजनक माना है।
पार्टी मुख्यालय में इस यात्रा के प्रदेश प्रभारियों और सहप्रभारियों के साथ भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री और यात्रा प्रभारी मनसुख मांडविया व नित्यानंद राय ने दिनभर बैठक करके एक-एक राज्य का फीडबैक लिया .
केंद्रीय संगठन ने उन सांसदों को नसीहत दी है जिन्होंने खुद पदयात्रा न करते हुए अपने प्रतिनिधियों से यात्रा करवाई है। बैठक में नड्डा ने कहा कि ऐसे सांसद बाकी बचे दिनों में पदयात्रा जरूर करें।
प्रज्ञा नहीं हुईं पदयात्रा में शामिल
भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर अभी तक गांधी संकल्प यात्रा में शामिल नहीं हुई हैं। उनके स्थान पर पार्टी के विधायकों और पूर्व मंत्रियों ने यात्रा पूरी की है। यात्रा शुरू होने पर प्रज्ञा ने भाजपा जिला संगठन से कहा था कि वे नवरात्रि के बाद इस यात्रा में शामिल होंगी,
लेकिन बाद में उन्होंने अपने स्वास्थ्य कारणों और शहर से बाहर हाने का हवाला दे दिया। इस बीच प्रज्ञा कई बार भोपाल आईं लेकिन यात्रा में नहीं पहुंची। लोकसभा चुनाव के समय महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को राष्ट्रभक्त बता कर प्रज्ञा पहले ही विवादों में आ चुकी हैं।
12 तक चलेगी यात्रा
गांधी संकल्प यात्रा को गांधी जयंती से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर तक निकालने के निर्देश केंद्रीय संगठन ने दिए थे। लेकिन बीच में नवरात्रि और दीपावली आ जाने के कारण कई सांसद इसके लिए समय नहीं निकाल पाए। ऐसे में यात्रा को 12 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है।