भोपाल

अचानक दिल्ली पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, दतिया में बीजेपी प्रत्याशी के लिए हलचल तेज

Narottam Mishra - दतिया उपचुनाव को लेकर बीजेपी उम्मीदवार के नाम की घोषणा का इंतजार, कांग्रेस में भी टिकट के कई बड़े दावेदार
2 min read
Jul 05, 2026
Narottam Mishra दतिया से अचानक दिल्ली पहुंचे बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा
Narottam Mishra दतिया से अचानक दिल्ली पहुंचे बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा

Narottam Mishra - दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर हलचलें तेज होती जा रही हैं। दोनों प्रमुख दलों में अभी उम्मीदवार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बीजेपी और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का चयन नहीं किया है। कांग्रेस में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती अपने बेटे के लिए कवायद कर रहे हैं। उनकी पत्नी के नाम की भी चर्चा है। कांग्रेस में विधानसभा टिकट के 2 अन्य बड़े दावेदार भी हैं। इधर बीजेपी से नरोत्तम मिश्रा सक्रिय हैं। हालांकि अभी पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसी गहमागहमी में नरोत्तम मिश्रा शनिवार को अचानक दिल्ली पहुंच गए जिससे सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गईं। बाद में मालूम चला कि मिश्रा, पंडित धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लेने दिल्ली गए थे।

दतिया में न केवल प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं ​बल्कि क्षेत्रीय दलों में भी जान आती नजर आ रही है। उपचुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस की ओर से चहलकदमी तेज हो चुकी है। वहीं भाजपा की ओर से भी फिलहाल प्रत्याशी को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लिया

इस बीच पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उनकी कोर टीम ने दतिया में सक्रियता बढ़ा दी है। कार्यकर्ताओं के साथ ही वे आमजनों से भी मुलाकात कर रहे हैं। प्रत्याशी चयन को लेकर चल रही गहमागहमी के बीच नरोत्तम मिश्रा शनिवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लिया।

पार्टी कार्यालय में बैठक बुधवार को

नरोत्तम मिश्रा ने दतिया विधानसभा सीट रिक्त होते ही क्षेत्र में दौरे पहले से बढ़ा दिए थे। अब बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रस्तावित बैठक में पार्टी स्तर पर जीत की रणनीति तैयार की जाएगी। बता दें, भाजपा में दतिया सीट को लेकर सक्रियता 5 जुलाई के बाद तेज हो सकती है। अपने निजी कार्यक्रम से लौटने के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में सत्ता-संगठन की अहम बैठक भी प्रस्तावित है। सूत्रों का कहना है कि इसमें प्रत्याशी के चयन की औपचारिकता भी पूरी होगी और वरिष्ठ नेताओं को दतिया में मैदान पर उतारा जाएगा।

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव की निगरानी के लिए आयोग ने तीन प्रेक्षकों की नियुक्ति कर दी। इसमें जनरल प्रेक्षक पश्चिम बंगाल कैडर आइएएस अफसर शरद द्विवेदी और पुलिस प्रेक्षक कर्नाटक के आइपीएस अफसर डॉ. एमबी बोरलिंगैया को बनाया है। चुनावी खर्च की निगरानी के लिए आइएएस विशाल मालानी को प्रेक्षक बनाया है।

Updated on:
05 Jul 2026 09:51 am
Published on:
05 Jul 2026 09:50 am