भोपाल

BJP की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के 6 नेताओं को जगह, जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

BJP National Executive 2026- भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित...। मध्यप्रदेश के बड़े नेताओं को भी मिला मौका...।
3 min read
Aug 17, 2026
bjp
BJP - File Pic

BJP National Executive 2026- भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को दोपहर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश को भी स्थान मिला है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। मध्यप्रदेश के लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। आर्य समेत 6 सदस्यों को नितिन नवीन की नई टीम में जगह मिली है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश को भी मौका मिला है। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है। मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे एवं सांसद वीडी शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है।

इनके अलावा किसान मोर्चा के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। इसमें मध्यप्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। मध्यप्रदेश के मीडिया प्रमुख आशीष उषा अग्रवाल को एक बार फिर जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

लाल सिंह आर्य

Lal Singh Arya: मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। लाल सिंह आर्य ने 1998 में गोहद सीट से भाजपा से पहली बार चुनाव लड़ा था। उन्होंने बसपा के चतुरिलाल बरहड़िया को हराया था। 2003 के विधानसभा चुनाव में उन्हंने कांग्रेस के उम्मीदवार को हराया था। 2013 में विधानसभा चुनाव में गोहद सीट से एक बार फिर जीते थे। शिवराज सरकार के तीसरे कार्यकाल में लाल सिंह आर्य राज्यमंत्री भी बने थे। नितिन नवीन की टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बंशीलाल गुर्जर

Bansilal Gurjar: बंशीलाल गुर्जर मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। वे मंदसौर शहर की सीमा से लगे छोटे से गांव लालघाटी पंचायत के रहने वाले हैं। वे दो बार गृहग्राम के सरपंच भी रह चुके हैं। वे जनपद सद्य, जिला पंचायत सदस्य और तीन बार कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी रमादेवी गुर्जर मंदसौर नगर पालिका अध्यक्ष हैं। वे वर्तमान में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

विष्णुदत्त शर्मा (वीडी शर्मा)

VD Sharma: मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रह चुके वीडी शर्मा खजुराहो से भाजपा के सांसद हैं। एक अक्टूबर 1970 को मुरैना में जन्मे वीडी शर्मा सुरजनपुर गांव के रहने वाले हैं। शुरुआती राजनीतिक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। फरवरी 2020 में प्रदेश अध्यक्ष रहे राकेश सिंह के बाद वीडी शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। शर्मा ने 1985-86 में माध्यमिक शिक्षा मंडल से हायर सेकंडरी की थी। इसके बाद 1989-92 में ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर किया। इसके बाद जबलपुर के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय से एमएससी किया। उन्होंने सीहोर के एग्रीकल्चर कॉलेज में भी पढ़ाई की। शर्मा ने 2015 में भारत सरकार के युवक एवं खेल मंत्रालय की ओर से इंडो-चीन यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।

कविता पाटीदार

Kavita Patidar: मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं कविता पाटीदार। महिला और ओबीसी वर्ग के चेहरे के रूप में बनी पहचान। जमीनी स्तर की राजनीति से राज्यसभा का सफर तय किया। कविता का जन्म 1974 में इंदौर में हुआ था। मई 2022 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा में भेजा। वे इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। राज्यसभा सांसद के रूप में उनका कार्यकाल 29 जून 2028 तक है। पाटीदार ओबीसी वर्ग से आती हैं। उन्हें नितिन नवीन की टीम में राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।

गजेंद्र पटेल

Gajendra Patel: गजेंद्र पटेल खरगोन-बड़वानी से भाजपा के सांसद हैं। वे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं। गजेंद्र पटेल का किसानों में और निमाड़ क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है। नितिन नवीन की टीम में गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

आशीष उषा अग्रवाल

Ashish Usha Agrawal: आशीष उषा अग्रवाल मध्यप्रदेश भाजपा में प्रदेश मीडिया प्रभारी हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में आशीष को मीडिया सह संयोजक की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

Updated on:
17 Aug 2026 04:37 pm
Published on:
17 Aug 2026 03:34 pm