भोपाल

बीजेपी ने एमपी से किया राज्यसभा केंडिडेट का ऐलान, हरदीप पुरी को बनाया उम्मीदवार

Hardeep Puri Rajya Sabha Candidate : मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट, मध्यप्रदेश बीजेपी ने भी भेजे थे अनेक उम्मीदवारों के नाम
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 2:35 PM IST
Hardeep Puri Rajya Sabha
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Photo-IANS)

Hardeep Puri Rajya Sabha Candidate : केंद्रीय मंत्री एल. मुरूगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा की सीट पर होनेवाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीपसिंह पुरी (Hardeep Puri) को उम्मीदवार बनाया है। वे अभी यूपी से राज्यसभा सांसद हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। उनको अब मप्र से राज्यसभा भेजा जाएगा।

मध्यप्रदेश की राज्यसभा की सीट के निर्वाचन आयोग चुनाव तारीखों का ऐलान कर चुका है। 12 नवंबर को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना होगी और परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। इनमें से 9 भाजपा और दो सीटें कांग्रेस के पास हैं। जून 2026 में 3 सीटें रिक्त हुई थीं। इसमें से 1 कांग्रेस व दो भाजपा के पास थी। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया था। तब तीनों सीटें भाजपा को मिलीं।

एपस्टीन फाइल्स में फोटो आने के बाद भी हरदीप पुरी जाएंगे राज्यसभा

मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी का नाम शुरु से ही चर्चा में चल रहा था। वे अभी यूपी कोटे से राज्यसभा सांसद हैं। हाल ही में हरदीप पुरी और जेफ्री एपस्टीन की कथित मुलाकात की दो तस्वीरें सामने आई थी जिसे लेकर नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। पिछले लंबे अर्से से विपक्षी नेता चर्चित एपस्टीन फाइल्स (Epstein Files) में नाम आने से केद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का लगातार विरोध कर रहे हैं।

मुरुगन के इस्तीफे के बाद से ही प्रदेश में राज्यसभा के लिए अनेक नेता दावेदारी करने लगे थे। मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा औपचारिक तौर पर कुछ नामों का पैनल दिल्ली भेजा था। इसमें प्रादेशिक नेताओं के नाम थे। इधर मध्यप्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीपसिंह पुरी (Hardeep Puri) , भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं वानथी श्रीनिवासन, मद्रास आइआइटी के डायरेक्टर वी. कामाकोटि को भी राज्यसभा उम्मीदवार बनाने की चर्चा चलती रही। बता दें कि मुरुगन का राज्यसभा का कार्यकाल 2 अप्रेल 2030 तक था।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा सीट का ये है चुनावी शेड्यूल

नोटिफिकेशन- 26 अक्टूबर

नामांकन की आखिरी तारीख- 02 नवंबर

स्क्रूटिनी- 03 नवंबर

नाम वापसी- 05 नवंबर

वोटिंग- 12 नवंबर

मतगणना- 12 नवंबर

Updated on:
28 Oct 2026, 2:35 PM IST
Published on: