भोपाल

Orchha : एमपी में राहुल गांधी का खौफ, बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर बाकायदा प्रस्ताव पारित कर किया हमला

Orchha Meeting : ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक: चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने की भाजपा की तैयारी, जन-जन तक पहुंचाएंगे शासन की योजनाएं
2 min read
Aug 31, 2026
ओरछा में बीेजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई
ओरछा में बीेजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई- : फोटो सोर्स : X @DrMohanYadav51

MP BJP : मध्यप्रदेश में कांग्रेस और राहुल गांधी, बीजेपी के लिए कठिन चुनौती बने हुए हैं, ओरछा में रविवार से शुरू हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यह बात स्पष्ट हो गई। श्रीराम राजा सरकार की नगरी में दो दिवसीय बैठक के पहले दिन पारित किए गए राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए तो सीधे सीधे कांग्रेस नेता पर निशाना साधा गया। केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध पर कड़ी निंदा की गई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंतिम दिन आज संगठन के आगामी क्रियाकलाप तय किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में पार्टी के वैचारिक आधार को रेखांकित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी की नींव पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रीय एकीकरण और कुशाभाऊ ठाकरे के संगठन कौशल पर टिकी है। उन्होंने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जनधन, उज्ज्वला, पीएम किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

'जितना मजबूत बूथ होगा, उतना मजबूत संगठन और देश का विकास होगा'

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा, ओरछा से देश और प्रदेश में रामराज लाने तथा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जुट जाएं। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया 'जितना मजबूत बूथ होगा, उतना मजबूत संगठन और देश का विकास होगा।'

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुघ, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनीस ने भी अपने विचार रखे।

बैठक में पारित प्रस्ताव में कांग्रेस की निंदा

कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया।इसके जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा गया। केन-बेतवा लिंक परियोजना का विरोध करने और जनहित के बजाय राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता देकर जनता में भ्रम फैलाने के लिए कांग्रेस की कड़ी निंदा की गई। बता दें कि राहुल गांधी ने परियोजना में कई गड़बड़ी करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रभावितों के हक की लड़ाई लड़ने की भी बात कही। राहुल गांधी के आरोपों को राज्य सरकार ने सिरे से नकार दिया था। अब संगठन ने भी उनपर हमला बोला है।

आज यह होगा

सुबह 9.45 बजे से 'सेवा संकल्प अभियान' पर कार्यशाला।
सुबह 11.30 से दोपहर 1 बजे समापन सत्र। वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलेगा। आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी।

Updated on:
31 Aug 2026 07:59 am
Published on:
31 Aug 2026 07:58 am