
AIIMS में भर्ती घायलों से मुलाकात करते जीतू पटवारी (फोटो सोर्स: @jitupatwari)
Bhopal News :मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को राजधानी भोपाल में स्थित एम्स भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे और राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खाटू श्यामजी जा रहे बैतूल के रहने वाले श्रद्धालुओं के साथ हुए हादसे के घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार से कई अहम सवाल भी किए हैं।
एम्स भोपाल पहुंचे जीतू पटवारी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि, विगत दिनों राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खाटू श्यामजी जा रहे बैतूल जिले के श्रद्धालुओं की मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हृदयविदारक हादसे में 8 लोगों की मृत्यु और कई लोग घायल हो गए। आज भोपाल स्थित एम्स अस्पताल पहुंचकर उक्त हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।
एक अन्य पोस्ट करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि, ग्वालियर के दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है! कई घायल लोग अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आज भोपाल स्थित एम्स अस्पताल पहुँचकर हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
एक अन्य पोस्ट में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि, 'मुख्यमंत्री जी, ग्वालियर हादसे का हर चश्मदीद और हर घायल बार-बार सवाल उठा रहा है कि, जहां साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां ट्रक कैसे पहुंच गया? इतनी मौतों के बाद भी आपका मन नहीं पसीज रहा! पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आप जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने में जुटे हैं
Updated on:
22 Oct 2026 01:47 pm
Published on:
22 Oct 2026 01:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
