
दिग्विजय सिंह। (फोटो Facebook digvijay singh)
Digvijay Singh : दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा पर एक बीजेपी नेता की पोस्ट पर बवाल मच गया है। सोशल मीडिया में प्रचार किया जा रहा है कि यात्रा पर कांग्रेस के प्रवक्ताओं की प्रतिक्रिया पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसपर कांग्रेस को सफाई देनी पड़ी है। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख और वरिष्ठ नेता मुकेश नायक ने ऐसी भ्रामक और निराधार खबरों से सावधान रहने को कहा है।
मंदसौर के बीजेपी नेता और प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने दिग्विजय सिंह की यात्रा पर सोशल मीडिया में बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं से इस यात्रा पर कोई प्रतिक्रिया देने को मना किया है। बीजेपी नेता यशपाल सिंह सिसोदिया के इस बयान के बाद कांग्रेस को सफाई देनी पड़ी। पार्टी ने सिसोदिया की पोस्ट को गलत बताया।
बीजेपी नेता यशपाल सिंह सिसोदिया ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
पूर्व मुख्यमंत्री श्री @OfficeOfDVS जी #उज्जैन से #अयोध्या की #सत्यसनातनस्वाभिमानयात्रा को लेकर @INCMP के मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री @mukeshnayakINC ने "प्रवक्ताओं की प्रतिक्रिया पर प्रतिबंध" के निर्देश जारी किए हैं, यात्रा के प्रारंभ होते ही रुझान आना शुरू हो गए हैं।
सोशल मीडिया में यह पोस्ट खूब वायरल हुई तो कांग्रेस ने जवाब दिया। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक ने स्पष्टीकरण दिया कि मैंने ऐसे कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं। उन्होंने ऐसी भ्रामक और निराधार खबरों से सावधान रहने की भी सलाह दी। कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने इस प्रकार की फर्जी खबरें प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। उन्होंने पुष्टि किया बिना ऐसी खबरों पर विश्वास नहीं करने का आग्रह किया है।
एमपी कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
मेरे द्वारा ऐसा कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है। मेरे नाम से चलाई जा रही ऐसी भ्रामक और निराधार खबरों से सावधान रहें। इस प्रकार की फर्जी खबरें प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सभी से अपील है कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरों पर विश्वास न करें और न ही इन्हें साझा करें।
Updated on:
22 Oct 2026 03:18 pm
Published on:
22 Oct 2026 02:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
