22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी में राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी में घमासान, कई बड़े नेता जता रहे दावेदारी

MP BJP : मध्यप्रदेश से राज्य सभा के उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए कराया जा रहा उपचुनाव
2 min read
Google source verification
L Murugan

एल मुरुगन (फोटो X - L Murugan)

MP BJP : मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए बीजेपी में घमासान की स्थिति बन रही है। डॉ. एल मुरुगन द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद से ही खाली सीट पर नेताओं की नजर है। इसके लिए प्रदेश के कई बड़े नेता दावेदारी जता रहे हैं। कुछ नेता तो भोपाल से लेकर दिल्ली तक जुगत भिड़ा रहे हैं। हालांकि प्रदेश नेतृत्व इस संबंध में आलाकमान के निर्देशों का इंतजार कर रहा है। मध्यप्रदेश में मुरुगन की खाली सीट से कौन राज्यसभा जाएगा, इसका निर्णय अंतत: बीजेपी का संसदीय बोर्ड ही करेगा। इस बीच निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है।

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मध्य प्रदेश से राज्य सभा (Council of States) के उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। यह उपचुनाव डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए कराया जा रहा है।

निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा मध्यप्रदेश से राज्य सभा (Council of States) के उपचुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। 12 नवंबर 2026 को मतदान होगा तथा इसी दिन मतों की गिनती भी कर दी जाएगी।

एक अनार, सौ बीमार जैसी स्थिति

मध्यप्रदेश से राज्यसभा गए डॉ. एल मुरुगन द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद से ही प्रदेश बीजेपी में सियासी हलचल तेज हो गई थी। संख्या बल के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी का ही उम्मीदवार चुना जाना तय है इसलिए खाली राज्यसभा सीट पर दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पार्टी इसके लिए किसे चुनेगी, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा चल रही है।

उपेक्षित नेताओं के लिए उबरने का बड़ा मौका

बीजेपी के अनेक बड़े नेता इस समय खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और ऐसे में राज्यसभा जाने के इच्छुक हैं। इसके लिए अंदरखाने सक्रिय भी हो चुके हैं। पार्टी स्तर पर तमिलनाडू के डॉ. एल मुरुगन द्वारा खाली की गई सीट पर दक्षिण भारत के किसी नेता को ही राज्यसभा भेजे जाने की भी बात कही जा रही है। इसके बावजूद प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी सामने आ रही है।

हालांकि, राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई निर्देश नहीं आया है पर एमपी बीजेपी में मंथन शुरु हो चुका है। सर्वविदित है कि अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। मुरुगन का कार्यकाल वर्ष 2030 तक था।