
भोपाल। संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को शारदा विहार में भाजपा और दूसरे अनुषांगिक संगठनों के साथ मैराथन बैठकें कीं। संघ की ओर से कहा गया कि देश में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद वर्ग संघर्ष का मुद्दा गरमाता है तो सबसे बड़ा नुकसान भाजपा को ही होगा। क्योंकि, ऐसी स्थिति में एससी-एसटी वोटर बसपा और छोटे दलों की तरफ मुडेग़ा। सामान्य और ओबीसी वोटर को कांग्रेस खींच सकती है। मध्यप्रदेश में दो अप्रैल को बिगड़े हालात को लेकर भी बैठक में मंथन किया गया। सूत्रों के मुताबिक संघ के सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल ने कहा कि इस घटना से संघ का समरसता अभियान प्रभावित हुआ है। जल्द ही समाज को जोडऩे के लिए बड़े कार्यक्रम करना होंगे। संघ के साथ समन्वय की बैठक में भारतीय किसान संघ ने भावांतर और उत्पादक प्रोत्साहन योजना का पैसा समय पर ना मिलने का मुद्दा उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि खरीदी में काफी अव्यवस्था है। इससे किसान नाराज हैं।
लगातार दो बैठकें
कृष्णगोपाल और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल की मौजूदगी में दो बैठकें हुई। पहली बैठक समन्वय की थी जिसमें भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और संगठन महामंत्री सुहास भगत मौजूद थे। दूसरी बैठक कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ संघ के पदाधिकारियों की थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , केंद्रीय पंचायत मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, विक्रम वर्मा आदि मौजूद थे।
नंदकुमार ने रामलाल से की एकांत में मंत्रणा
कोरग्रुप की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार ङ्क्षसह चौहान और रामलाल शारदा विहार में ही रुके रहे। मुख्यमंत्री सहित सभी नेता जा चुके थे। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष बदलाव की अटकलों के बीच चौहान ने रामलाल के सामने अपना पक्ष रखा है। बाद में दोनों एक ही कार से प्रदेश भाजपा कार्यालय के लिए रवाना हुए।
सामने आई अनुषांगिक संगठनों की नाराजगी
समन्वय की बैठक में दूसरे अनुषांगिक संगठनों की नाराजगी इस बात पर थी कि भाजपा संगठन और सरकार उन्हें विश्वास में लिए बिना निर्णय कर लेती है। संतों को राज्यमंत्री बनाने का मामला भी इस बीच रखा गया।
खराब परफॉर्मेंस वाले विधायकों का कटेगा टिकट
कोर ग्रुप की बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि पिछले दिनों ली गई ग्राउंड रिपोर्ट में 70 भाजपा विधायकों की हालत खराब मिली है। उनका स्थानीय संगठन से तालमेल ना होना और जनता में नाराजगी के बाद संकेत दिए गए कि ऐसे विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं।