
भोपाल. इंद्रपुरी इलाके में कॉल सेंटर संचालित कर पांच हजार अमेरिकियों के साथ ठगी करने वाले सरगना के प्रमुख अभिषेक पाठक कॉल सेंटर के माध्यम से 500 करोड़ रुपए का घोटाला कर चुके सागर ठक्कर उर्फ सैगी के नक्शे कदम पर चल रहा था। अभिषेक उससे बहुत प्रभावित हो गया था और उसी की तरह अपना जीवन यापन करना चाहता था। यह खुलासा साइबर पुलिस की पूछताछ में हुआ है।
सैगी ने खरीदी थी विराट कोहली की कार: आरोपी ने पुलिस को बताया कि सैगी ने क्रिकेटर विराट कोहली की कार को 2.3 करोड़ रुपए में खरीदकर अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया था। इससे उसकी गर्लफ्रेंड बहुत खुश हुई थी। वो भी ऐसा ही करना चाहता था। रुपए एकत्रित कर फिल्मी सितारे और क्रिकेटर की गाड़ी खरीदकर अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट करने की प्लानिंग कर रहा था।
दो लोग अमेरिकी भी
जांच में यह सामने आया है कि अमेरिका के दो लोग भी इनके गिरोह में हैं, जो डाटा उपलब्ध कराते थे। पुलिस उन्हें ट्रेस कर रही है। चूंकि दोनों आरोपी अमेरिका के रहने वाले हैं। इस कारण पुलिस मामले की जानकारी गृह मंत्रालय को भेजेगी। साइबर एसपी राजेश भदौरिया ने बताया कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उच्च अधिकारी मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय में रखेंगे। वहां से अमेरिका की एजेंसियों को जानकारी दी जाएगी।
कौन है सैगी: महाराष्ट्र के मीरा रोड कॉल सेंटर स्कैम में करोड़ों के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। इसमें ज्यादातर अमेरिकियों को ब्लैकमेल करके 500 करोड़ से ज्यादा रुपए ठगे गए थे। इस आरोप में करीब 500 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था। स्कैम में ब्लैकमेलिंग के आधार पर अमेरिकी नागरिकों से रोजाना करीब 1 करोड़ ठगे गए। इसमें सैगी भी शामिल था। सैगी उस समय चर्चा में रहा, जब मीडिया में क्रिकेटर विराट कोहली की कार खरीदने की खबर चली थी।