12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

18 नवंबर को कैबिनेट बैठक: चीतों का नया घर, पर्यटन का नया ठिकाना और अब ऊर्जा का पावर हाउस बनेगा गांधीसागर

MP Destination Cabinet: सीएम डॉ.यादव लगातार कर रहे नवाचार, प्रदेश की सूरत बदल देगी ये हाइड्रो स्टोरेज परियोजना, पर्यावरण से लेकर पर्यटन और रोजगार में होगा फायदा...।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Manish Gite

•

Updated: 12 Nov 2026, 1:06 PM IST

MP Destination Cabinet

MP Destination Cabinet- मध्यप्रदेश के गांधीसागर में 18 नवंबर को कैबिनेट बैठक होगी। जिसमें कई परियोजनाओं पर सभी की निगाह लगी हुई है।

MP Destination Cabinet: मध्यप्रदेश में डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकें फिर शुरू हो रही हैं। 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में डेस्टिनेशन बैठक होगी। इस बैठक के दौरान 1920 मेगावाट क्षमता वाली 'गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना' आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस मेगा प्रोजेक्ट की लागत 11,500 करोड़ है। यह प्रोजेक्ट देश में अपने तरह का पहला प्रोजेक्ट है।


गौरतलब है कि ‘गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ को ग्रीनको ग्रुप तैयार कर रहा है। यह देश में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट है। 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली यह परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील स्थित खेमला ब्लॉक के गांव में स्थापित की जा रही है। 11500 करोड़ लागत वाली यह परियोजना करीब 414 हेक्टेयर भूमि पर आकार ले रही है। इतनी बड़ी परियोजना में दो जलाशयों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें निचला जलाशय तो मौजूदा गांधीसागर जलाशय है ही, साथ ही ग्रीनको ने नया जलाशय भी बनाया है।

9 टर्बाइन पैदा करेंगे बिजली

इस परियोजना में लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकती है। टरबाइन मोड में इसका रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है। परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को वापस देने की क्षमता लगभग 80% रहने का अनुमान है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। इनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। पंपिंग और उत्पादित बिजली सप्लाई के लिए यह परियोजना करीब 60 किमी दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400kV के सबस्टेशन से जुड़ी है। इस परियोजना के टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन दिसंबर में शुरू होगा। उसके बाद जून-2027 से परियोजना पूरी तरह के काम करने लगेगी।

कंपनियों को होगी वित्तीय बचत

खास बात यह भी है कि इस परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 4,000 लोगों के लिए रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसे चलाने और रखरखाव के दौरान साइट पर करीब 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। इस परियोजना की यह भी खासियत है कि यह अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा को संग्रहित करती है। इस तरह नवीकरणीय ऊर्जा बर्बाद होने से बच जाती है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि ग्रिड को लचीला बनाया जा सके, समय पर मांग के अनुसार ग्रीन एनर्जी दी जा सके और देश के डी-कार्बोनाइजेशन लक्ष्य को गति मिल सके। चंबल नदी पर स्थित एशिया के प्रमुख मानव निर्मित जलाशयों में शुमार गांधी सागर जलाशय मंदसौर और नीमच जिलों सहित पूरे प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास का सशक्त केंद्र बन चुका है। राज्य सरकार द्वारा इस क्षेत्र में जनहित, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है।

इसलिए खास है यह जगह

कूनो के बाद गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक वास के रूप में विकसित किया गया है। यह क्षेत्र सर्वाधिक गिद्धों की आबादी और चंबल नदी के मगरमच्छों के सुरक्षित प्रजनन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस क्षेत्र में परमार कालीन स्थापत्य कला और मूर्तियों की समृद्धि को सहेजने के लिए जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं। यहां चतुर्भुज नाथ नाला (शैलचित्र) मौजूद हैं। इसलिए यहां विश्व-विख्यात प्रागैतिहासिक रॉक आर्ट (भित्ति चित्रों) की सुरक्षा और पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा गांधी सागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और साहसिक खेलों (वाटर स्पोर्ट्स-एडवेंचर) के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प क्षेत्र में नए रोजगार अवसर सृजित किए गए हैं।