तेरे जैसे यार कहां... कहां ऐसा याराना, ऐसे गानों के साथ शेयर की दोस्तों ने अपनी फीलिंग्स
भोपाल। शहरभर में आज फ्रेंडशिप डे यानि की दोस्ती का दिन बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज बच्चे, बड़े सभी लोग दोस्ती के रंग में नजर आ रहे हैं। इस दिन को खास बनाने के लिए सुबह से ही सभी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्लान बना लिए थे। किसी ने मूवी का, किसी ने आउटिंग का। आज दिन भर उपहारों की दुकानों पर भी मेला लगा रहा। हर कोई अपने दोस्त के लिए ऐसा गिफ्ट ढूढ़ रहा था जो उसके दोस्त को यह एहसास दिला सके कि वह इस दुनिया में सबसे खास है।
दिया प्यार भरा संदेश
आज सभी ने अपने खास दोस्तों के लिए, खास संदेश तैयार किए। किसी ने फनी संदेश देकर दोस्त को स्पेशल बताया। तो किसी ने इमोशनल मैसेज देकर अपने दोस्त को इमोशनल कर दिया।
गाए दोस्ती के गीत
दोस्तों की टोलियों में आज सिर्फ दोस्ती के गाने ही सुनाई दे रहे थे। तेरे जैसा यार कहां... कहां ऐसा याराना. याद करेगी दुनिया तेरा मेरा अफसाना, यारों दोस्ती बड़ी ही हसी है... ये न हो तो क्या फिर ये जिंदगी है... इस तरह के खूबसूरत और प्यार भरे गानों के साथ लोग अपने जज्बात अपने दोस्तों के साथ शेयर करते दिखाई दिए।
पर्यटन स्थलों पर दिखे दोस्ती के रंग
शहर में जगह जगह सभी लोग अपने दोस्तों के साथ घूमते नजर आएं। लेक व्यू, वीआईपी रोड, सेल्फी पार्क, भोजपुर मंदिर, कलियासोट डेम, कोलार डेम, महादेव पानी, सैर सपाटा आदि जगह पर सभी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खास दिन को सेलिब्रेट किया।
छाया रहा सेल्फी का क्रेज
यारों की यारी सेल्फी के बिना अधूरी है। इस दौरान सभी लोगों ने अपने दोस्तों के साथ अलग अलग अंदाज में सेल्फी ली। कुछ लोग जो बाहर से अपने दोस्तों से मिलने आए थे। उन्होंने दोस्तों के साथ, दोस्ती का स्पेशल मूवमेंट को कैप्चर किया।
कुछ सालों बाद, कुछ महीनों बाद मिलें
आज के दिन कुछ लोग अपने दोस्तों से सालों बाद मिले तो कुछ महीनों बाद। इस दौरान ही सही, दोस्तों ने एक दूसरे के लिए वक्त निकाला। लोगों ने बातया कि हमने अपने दोस्तों से मिलने के लिए महीनों पहले से प्लान बना रखा था। साथ ही उनके लिए खास उपहार भी तैयार कर रखा था।