भोपाल

एमपी में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग में निवेश की बड़ी पहल, मुंबई पहुंचे सीएम मोहन यादव

CM Mohan Yadav : एमपी में पेट्रोकेमिकल उद्योग में निवेश के लिए सरकार कर रही कवायद, मुंबई सम्मेलन में शरीक हुए सीएम मोहन यादव
2 min read
• •
Oct 22, 2026
cm mohan yadav initiative for investment in the petrochemical industry in mp
सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स: @DrMohanYadav51)

CM Mohan Yadav : एमपी में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग में निवेश के लिए बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 22 अक्टूबर को मुंबई में इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में वैश्विक निवेश संवाद, तकनीकी विकास और औद्योगिक विस्तार से जुड़े विषयों पर मंथन होगा। सीएम मोहन यादव के इसमें शरीक होने को रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को सामने रखने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

इंडिया केम 2026 का आयोजन भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह 14 वां द्विवार्षिक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी है। इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

निवेशकों को लुभाने की कोशिश कर रही मध्यप्रदेश सरकार

इंडिया केम 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस सेक्टर में मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों, अधोसंरचना एवं राज्य की नीति को निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से साझा करेंगे। सम्मेलन में रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग से जुड़े प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हो रहे हैं।

इंडिया केम-2026 के पहले दिन मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम और कारोबारी नेटवर्किंग के कार्यक्रम होंगे। सम्मेलन में भारत-अमेरिका, भारत-जापान तथा भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्योगों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

विशेष रसायन से लेकर औद्योगिक अधोसंरचना तक पर चर्चा

सम्मेलन के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल, रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग के लिए अधोसंरचना, पर्यावरणीय विषयों, संयंत्र एवं मशीनरी, पंप और वाल्व तथा कृषि रसायन पर केंद्रित परिचर्चाएं होंगी। तीसरे दिन, 24 अक्टूबर को भी प्रदर्शनी जारी रहेगी।

औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर फोकस

रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग विनिर्माण, औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला और सहायक उद्योगों के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने से उत्पादन गतिविधियों के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं भी बनती हैं। इंडिया केम-2026 जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद मध्यप्रदेश में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र से संबंधित निवेश अवसरों को सामने रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Updated on:
22 Oct 2026 11:34 am
Published on:
22 Oct 2026 11:34 am