Vande Mataram- इंदौर के वंदे मातरम् विवाद पर सियासत तेज, पक्ष-विपक्ष के साथ अब शीर्ष नेताओं में भी छिड़ी जुबानी जंग, कांग्रेस नेताओं को भारत माता की जय बोलने पर भी ऐतराज: सीएम
Vande Mataram- इंदौर नगर निगम के बजट सत्र के दौरान उपजे वंदे मातरम् विवाद में मध्यप्रदेश में सियासत तेज हो गई है। शनिवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक वीडियो मैसेज जारी कर कांग्रेस को घेरा, तो इंदौर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पलटवार किए। वहीं नगर निगम ने बजट सत्र के दौरान कार्यवाही की रिकॉर्डिंग जांच के लिए इंदौर पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने जनप्रतिनिधियों के बयान लिए। केस दर्ज करने को लेकर हाईलेवल पर पुलिस चर्चा कर रही है। इंदौर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को पत्र लिखकर पार्षदों को निष्कासित करने की मांग की।
महिला पार्षदों ने बेशर्मी की हद कर दी है
इंदौर नगर निगम के वंदे मातरम् विवाद पर शनिवार को सीएम डॉ. मोहन यादव राजधानी से एक वीडियो जारी कर कांग्रेस नेताओं की निंदा की। सीएम ने कहा, जब देखो तब कांग्रेसी भगवान राम की निंदा करते हैं, हिंदुओं का अपमान करते हैं। अब तो सीमा ही पार कर दी है। पूरी प्रदेश कांग्रेस को इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस अपने दोहरे चरित्र से बाहर नहीं निकल पा रही। महिला पार्षदों ने बेशर्मी की हद कर दी है। सीएम डॉ. यादव ने कहा, दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस की पार्षद ने नगर निगम में वंदे मातरम गाने से इनकार किया। यह कांग्रेस का चरित्र बता रहा है।
सीएम मोहन यादव ने कहा, कांग्रेस नेता इनको भारत माता की जय बोलने से भी मना करते हैं। उन्होंने अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष और राहुल गांधी से पार्टी में ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने पर स्पष्टीकरण मांगा।
सीएम के वीडियो मैसेज के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में एक प्रेस वार्ता की। मीडिया के समक्ष पलटवार कर उन्होंने कहा, वंदे मातरम् कांग्रेस और देशवासियों के रग-रग में है। राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान की स्थापना कांग्रेस की विचारधारा ने की है। हमें इसमें भाजपा से सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति भाजपा से सीखने की जरूरत नहीं है। जिस दल ने 50 साल देश का झंडा नहीं लगाया, उसके सदस्य कांग्रेस से पूछ रहे हैं कि राष्ट्रगीत पर क्या रुख है।
जीतू पटवारी ने सीएम और नगरीय प्रशासन मंत्री को भागीरथपुरा मामले में घेरते हुए आरोप लगाया कि यहां 35 लोगों की हत्या व्यवस्था ने की। उन्होंने कहा, जब जनता के सामने इनके काम और भ्रष्टाचार को उजागर करने का मौका होता है तो उससे बचने की कोशिश की जाती है। सांप्रदायिक रंग दिया जाता है।