Cold Weather: उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम के साथ चक्रवात भी है। ऐसे में उत्तरी सर्द हवा से अगले 4-5 दिन में दिन और रात दोनों ही तापमान में गिरावट होगी।
Cold Weather:मध्यप्रदेश में मौसम तेजी से बदलने लगा है। जेट स्ट्रीम के साथ हिमालय से आ रही सर्द हवा से ठंड ने जोर पकड़ा है। प्रदेशभर में औसतन 2 से 3 डिग्री तक तापमान में गिरावट हुई। सीधी के अलावा शेष 54 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे जा पहुंचा। वहीं प्रदेश का हिल स्टेशन पचमढ़ी (7.8) डिग्री सबसे सर्द था, तो राजधानी में 2022 के बाद नवंबर में इतनी ठंडी हुई। भोपाल में एक दिन में 3 डिग्री पारा गिरा। हिमालय से बर्फीली हवाओं की एंट्री के बाद एमपी के सबसे ठंडे शहरों में भोपाल चौथे नंबर आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में हिमालय की हवा के कारण एकाएक सर्दी बढ़ी है। दिन का तापमान खंडवा के अलावा प्रदेश में 30 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल में बुधवार को अधिकतम 27.1 और न्यूनतम 11 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी शिल्पा आपटे ने बताया, फिलहाल तापमान ऐसा ही रहेगा। 12 किमी की ऊंचाई पर उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम के साथ चक्रवात भी है। ऐसे में उत्तरी सर्द हवा से अगले 4-5 दिन में दिन और रात दोनों ही तापमान में गिरावट होगी।
मौसम विशेषज्ञ जीडी मिश्रा का कहना है कि जेट स्ट्रीम समुद्री सतह से 8 से 12 किमी की ऊंचाई पर बहने वाली हवा की धाराएं हैं। यह पश्चिम से पूर्व की ओर बहती हैं। इसकी रफ्तार 160 किमी प्रतिघंटा तक होती है। इस समय मप्र में इसका असर दिखाई दे रहा है।
पचमढ़ी - 7.8 डिग्री सेल्सियस
राजगढ़ - 9.6 डिग्री सेल्सियस
मंडला - 10.2 डिग्री सेल्सियस
भोपाल- 11.0 डिग्री सेल्सियस
मलाजखंड- 11.2 डिग्री सेल्सियस
ग्वालियर- 11.3 डिग्री सेल्सियस
गुना- 11.5 डिग्री सेल्सियस
सतना 12.0 डिग्री सेल्सियस