युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, प्रदेश सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारियों को मिलने वाली है बड़ी जिम्मेदारी...।
लोकसभा चुनाव तैयारियों में जुटी कांग्रेस इस बार युवाओं को मौका देने वाली है। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने पार्टी के विभिन्न संगठनों की अलग-अलग बैठक की। इनमें युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, प्रदेश सेवादल, एनएसयूआई शामिल हैं।
बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन में रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएं। वहीं युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि लोकसभा चुनाव में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, कांग्रेस युवाओं को मौका देगी। युवा कांग्रेस की बैठक में जितेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ पार्टी से जुड़ा है और आने वाली किसी भी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार है।
युवा कांग्रेस प्रभारी अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने भी अपने विचार रखे। मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने संगठन को मजबूत करने में सभी के योगदान पर जोर दिया।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भी चर्चा
बैठक के दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। यह यात्रा मध्यप्रदेश में भी आएगी। पार्टी के संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई।
वादों से पीछे हटी मोहन सरकार: कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए प्रमुख वादों से पीछे हट गई है। चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की जनता से तीन बड़े वादे किए थे, जिसमें लाडली बहना योजना में महिलाओं को 3 हजार रुपए प्रतिमाह, गेहूं और धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य वृद्धि मुख्य थी, लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में इनका जिक्र नहीं है।
डोनेट फॉर न्याय में एमपी देश में तीसरे नंबर पर
राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही है, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए डोनेट फॉर न्याय अभियान पर बैठक आयोजित की गई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन, प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता हेमंत कटारे की उपस्थित रहे। अजय माकन ने कहा बहुत ही कम समय में अभियान से काफी लोग जुड़े हैं।